बिहार में नई सरकार के गठन की उलटी गिनती शुरू, 20 नवंबर को गांधी मैदान में नीतीश कुमार लेंगे शपथ

Nitish Kumar Oath Ceremony : बिहार में सत्ता परिवर्तन और सरकार गठन की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुँच चुकी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार सुबह 11:30 बजे पटना के गांधी मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने इसकी पुष्टि की है। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे, जिसके चलते प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियाँ बड़े स्तर पर की जा रही हैं।

जदयू विधायक दल की बैठक में नीतीश चुने गए नेता

बुधवार को सीएम हाउस में हुई जदयू विधायक दल की बैठक में औपचारिक रूप से नीतीश कुमार को विधानमंडल दल का नेता चुन लिया गया। इसके साथ ही पार्टी ने सरकार गठन की आगे की तैयारियों को अंतिम रूप दिया।

BJP ने सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना

वहीं भारतीय जनता पार्टी ने भी अपने विधायक दल की बैठक कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए। बैठक में सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता और विजय सिन्हा को उप नेता चुना गया है. राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक दोनों नेता डिप्टी सीएम पद पर बने रहेंगे।

NDA की बैठक आज विधानसभा के सेंट्रल हॉल में

जदयू और बीजेपी दोनों के नेता चुने जाने के बाद आज दोपहर 3:30 बजे विधानसभा के सेंट्रल हॉल में NDA की औपचारिक बैठक होगी। इसी बैठक में सरकार गठन, मंत्रिपरिषद के आकार और विभागों को लेकर चर्चा होगी। नए मंत्रिमंडल को लेकर प्रारंभिक चर्चा यह संकेत देती है कि जदयू कोटे से 13 मंत्री बनाए जा सकते हैं। अंतिम सूची NDA बैठक के बाद तय होगी।

आज भंग होगी 17वीं विधानसभा

नीतीश कैबिनेट ने दो दिन पहले प्रस्ताव पारित कर 17वीं विधानसभा को 19 नवंबर (आज) भंग करने की सिफारिश की थी। इसके लागू होते ही मौजूदा विधानसभा भंग हो जाएगी। इसके बाद नीतीश कुमार सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे और राज्यपाल उन्हें शपथ लेने के लिए आमंत्रित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *