नवंबर के पहले-दूसरे हफ्ते में हो सकता है मतदान, 22 नवंबर से पहले पूरी होगी बिहार विधानसभा चुनाव प्रक्रिया

Bihar Assembly Election: बिहार विधानसभा चुनाव की उलटी गिनती शुरू हो गई है । निर्वाचन आयोग के सूत्रों के मुताबिक राज्य में नई विधानसभा चुनने के लिए मतदान नवंबर के पहले या दूसरे हफ्ते में कराया जा सकता है । आयोग दुर्गा पूजा के बाद, यानी अक्टूबर के पहले या दूसरे हफ्ते में चुनाव कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा कर देगा ।

त्योहारों को देखते हुए बनेगा शेड्यूल

चुनाव आयोग इस बार दिवाली और छठ पूजा जैसे बड़े पर्वों को ध्यान में रखते हुए मतदान की तिथियां तय करेगा । साथ ही कार्तिक पूर्णिमा के दिन को भी शेड्यूल में समायोजित करने पर विचार हो रहा है।  यही वजह है कि मतदान की संभावना 5 से 15 नवंबर के बीच जताई जा रही है. मतगणना और परिणाम 20 नवंबर से पहले घोषित कर दिए जाएंगे ताकि 22 नवंबर तक नई विधानसभा का गठन पूरा हो सके

दो से तीन चरणों में हो सकता है मतदान

सूत्रों के अनुसार बिहार में मतदान दो या अधिकतम तीन चरणों में कराया जाएगा।  पिछली बार की तरह लंबी चुनावी प्रक्रिया इस बार नहीं होगी। आयोग की कोशिश है कि कम से कम चरणों में चुनाव निपटाकर समय और संसाधनों की बचत की जा सके।

मतदाता सूची और विशेष पुनरीक्षण

सामान्य परिपाटी के अनुसार, आयोग राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) के बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित करेगा और उसी के बाद चुनाव की घोषणा की जाएगी । इस बार मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण बड़े पैमाने पर किया गया है । राजनीतिक दल आयोग की टीम से मुलाकात के दौरान मतदाता सूची से जुड़े मुद्दे उठाने की तैयारी कर रहे हैं ।

आयोग की टीम लेगी तैयारियों का जायजा

निर्वाचन आयोग की टीम इसी महीने बिहार का दौरा करेगी. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, लॉजिस्टिक मैनेजमेंट और बूथ स्तर की तैयारियों का बारीकी से आकलन किया जाएगा । स्थानीय प्रशासन और पुलिस से लेकर राजनीतिक दलों के साथ भी बैठकें होंगी ताकि चुनावी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से पूरी की जा सके ।

90 हजार से अधिक मतदान केंद्र

इस बार राज्य में हर मतदान केंद्र पर अधिकतम 1200 मतदाताओं को शामिल करने का नया नियम लागू किया जा रहा है । पहले एक बूथ पर 1500 से ज्यादा मतदाता भी शामिल होते थे। इस नियम के कारण राज्य में बूथों की संख्या लगभग 77 हजार से बढ़कर 90 हजार से अधिक हो जाएगी , यानी करीब 13 हजार नए बूथ बनाए जाएंगे । इनके लिए मतदान केंद्रों, ईवीएम मशीनों, सुरक्षा बलों और कर्मचारियों की अतिरिक्त व्यवस्था करनी होगी ।

चुनावी सरगर्मी तेज

जैसे-जैसे चुनाव की तारीख करीब आ रही है, बिहार की राजनीति भी गर्माने लगी है. सत्तारूढ़ गठबंधन और विपक्षी महागठबंधन दोनों ही दल चुनावी रणनीति पर जोर-शोर से काम कर रहे हैं। चुनावी रैलियों, घोषणापत्र और उम्मीदवार चयन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां आने वाले दिनों में और तेज हो जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *