Bihar Result : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने एक बार फिर सीमांचल में अपना प्रभाव साबित किया है। इस बार महज 25 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली पार्टी ने 4 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि 1 सीट पर उसकी बढ़त कायम है।
किन सीटों पर जीती AIMIM?
पार्टी ने इस बार जोकीहाट, कोचाधामन, अमौर और बहादुरगंज सीट पर जीत हासिल की है।
- जोकीहाट- मोहम्मद मर्शीद आलम
- कोचाधामन – एमडी सरवर आलम
- अमौर – अख्तरुल ईमान
- बहादुरगंज -एनडी तौसीफ आलम
- वहीं, पूर्णिया की बायसी सीट से AIMIM के गुलाम सरवर निर्णायक बढ़त बनाए हुए हैं और उनकी जीत लगभग तय मानी जा रही है।
पिछली बार क्या हुआ था?
AIMIM ने 2020 के विधानसभा चुनाव में भी सीमांचल में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई थी। उस समय पार्टी ने 5 सीटों पर जीत हासिल की थी। इस बार के रुझान बताते हैं कि ओवैसी की पार्टी ने सीमांचल में अपना प्रदर्शन लगभग दोहरा दिया है।
किसे हुआ नुकसान?
सीमांचल की 24 सीटों में से AIMIM ने इस बार 4 पर जीत और 1 पर बढ़त हासिल की है। राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो इसका सीधा असर महागठबंधन, खासकर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के वोट बैंक पर पड़ा है। सीमांचल में AIMIM की मौजूदगी ने कई सीटों पर मुकाबला त्रिकोणीय बना दिया।
पार्टी की जीत पर ओवैसी ने क्या कहा?
अपनी पार्टी के प्रदर्शन पर AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मैं बिहार की जनता का धन्यवाद करूंगा कि उन्होंने AIMIM के उम्मीदवारों को जिताया। बिहार में जो नतीजा है वह आवामी नतीजा है और हम उसे स्वीकार करते हैं। हमारी कोशिश होगी कि बिहार और खास तौर पर सीमांचल में बहार आए। वहां के लोगों के लिए स्कूल और अस्पताल बनें…AIMIM का यह प्रदर्शन एक बार फिर साबित करता है कि सीमांचल की राजनीति में पार्टी की पकड़ लगातार मजबूत होती जा रही है।