Pawan Singh : भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के पावर स्टार पवन सिंह और मशहूर अभिनेत्री अक्षरा सिंह की चर्चित प्रेम कहानी एक बार फिर सुर्खियों में है. हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू में अक्षरा सिंह ने पवन सिंह को लेकर पूछे गए सवालों पर खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की, जिसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते को लेकर नई बहस शुरू हो गई है.
ब्रेकअप के सालों बाद भी उठ रहे सवाल
अक्षरा सिंह ने कहा कि उनके और पवन सिंह के रिश्ते को खत्म हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन आज भी उनसे उसी विषय पर सवाल किए जाते हैं. उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि यह रिश्ता दो लोगों के बीच था, फिर बार-बार केवल उन्हें ही कटघरे में क्यों खड़ा किया जाता है. अभिनेत्री ने साफ शब्दों में कहा कि वह अपने अतीत से आगे बढ़ चुकी हैं और अब अपनी जिंदगी पर ध्यान देना चाहती हैं. उनका कहना था कि किसी भी महिला को अपनी जिंदगी में आगे बढ़ने और नया अध्याय शुरू करने का पूरा अधिकार है.
कथित विवादित वीडियो पर भी दी प्रतिक्रिया
अक्षरा ने सवाल उठाया कि आखिर उनका नाम बार-बार एक ही शख्स से क्यों जोड़ा जाता है. उन्होंने यह भी कहा कि यदि इसी तरह उनका नाम अतीत से जोड़ा जाता रहा तो उनके निजी जीवन पर असर पड़ सकता है. उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि ऐसे हालात में वह अपना घर कैसे बसाएंगी. इंटरव्यू के दौरान जब पवन सिंह से जुड़े एक कथित विवादित वीडियो का जिक्र किया गया, तो अक्षरा सिंह ने उस पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि यदि किसी महिला के साथ गलत व्यवहार होता है तो उसे उसी समय विरोध करना चाहिए. हालांकि इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.
ज्योति सिंह का भी लिया नाम
अक्षरा सिंह ने बातचीत के दौरान पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह का भी जिक्र किया. उन्होंने दावा किया कि पवन सिंह से परेशान होकर ज्योति सिंह ने उन्हें फोन किया था और वह काफी दुखी थीं. अक्षरा के अनुसार, उस बातचीत ने उन्हें अंदर तक प्रभावित किया. गौरतलब है कि पवन सिंह और ज्योति सिंह के बीच तलाक का मामला फिलहाल अदालत में लंबित है. इस मामले में कई तारीखें पड़ चुकी हैं, लेकिन अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं आया है. अक्षरा सिंह के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर पवन सिंह और अक्षरा सिंह के रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. अब सभी की नजर इस बात पर है कि इस पूरे मामले पर पवन सिंह की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है.