allu arjun की गिरफ्तारी: पीड़ित के पति ने कहा, ‘अर्जुन दोषी नहीं, केस वापस लेने को तैयार’

नई दिल्ली। पुष्पा 2: द रूल की प्रीमियर के दौरान मची भगदड़ और एक महिला की मौत के मामले में अल्लू अर्जुन (allu arjun) की गिरफ्तारी ने नया मोड़ ले लिया है. मृतक महिला रेवती के पति, भास्कर ने अब कहा है कि वह केस वापस लेने के लिए तैयार हैं और अल्लू अर्जुन को इस घटना के लिए जिम्मेदार नहीं मानते.

क्या कहा मृतक के पति ने?

शुक्रवार को हैदराबाद में अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा, हम सिर्फ इसलिए उस दिन संध्या थिएटर गए थे क्योंकि मेरे बेटे को फिल्म देखनी थी. यह अल्लू अर्जुन की गलती नहीं है कि वह उस दिन थिएटर में आए. मैं अपना केस वापस लेने को तैयार हूं. पुलिस ने मुझे उनकी गिरफ्तारी की जानकारी नहीं दी. मैंने अस्पताल में खबर देखी. वह (अर्जुन) भगदड़ के लिए जिम्मेदार नहीं हैं.

भास्कर की शिकायत के आधार पर ही अल्लू अर्जुन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, जिसके चलते शुक्रवार सुबह हैदराबाद पुलिस ने जुबली हिल्स स्थित उनके आवास से उन्हें हिरासत में लिया. पुलिस ने बताया कि अर्जुन को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया और फिर चिकित्सा जांच के लिए उस्मानिया जनरल अस्पताल भेजा गया. इसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया.

allu arjun को क्यों किया गया गिरफ्तार?

4 दिसंबर की रात, हैदराबाद के आरटीसी क्रॉसरोड्स स्थित संध्या थिएटर में अल्लू अर्जुन की झलक पाने के लिए भारी भीड़ जमा हो गई थी. अर्जुन वहां अपनी फिल्म *पुष्पा 2: द रूल देखने पहुंचे थे. इस दौरान भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसमें एक महिला, रेवती, की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है.

पुलिस ने मृतक के परिवार की शिकायत के आधार पर चिक्कडपल्ली पुलिस स्टेशन में अभिनेता, उनकी सुरक्षा टीम और थिएटर प्रबंधन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और 118(1) के तहत मामला दर्ज किया. अल्लू अर्जुन ने इस मामले में एफआईआर को खारिज करने के लिए हाई कोर्ट का रुख किया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *