डर की राजनीति के बदले… बिहार चैप्टर.. छोटे पर्दे पर लौट रही है विनीत कुमार सिंह की ‘रंगबाज’

Rangbaaz: बिहार की सियासत एक बार फिर पर्दे पर दस्तक देने जा रही है। अभिनेता विनीत कुमार सिंह की चर्चित सीरीज रंगबाज का नया संस्करण रंगबाज: द बिहार चैप्टर इसी महीने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने वाला है। सीरीज का ट्रेलर सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो गई है।

1 मिनट 51 सेकेंड का दमदार ट्रेलर राजनीति, साजिश और सत्ता के खेल से भरा हुआ है। इसमें विनीत कुमार सिंह ने हारून शाह अली बेग का किरदार निभाया है वो शख्स जिससे लोग या तो प्यार करते थे या नफरत, लेकिन डरते सभी थे। ट्रेलर में दिखाया गया है कि 20 सालों में 34 केस दर्ज होने के बावजूद किसी भी केस में डायरेक्ट चार्जशीट नहीं बनी, जो शाह अली बेग को दोषी ठहरा सके। राजनीति, अपराध और जनमानस की धड़कनों को जोड़ती यह कहानी बिहार की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसमें विनीत के साथ आकांक्षा सिंह लीड रोल में हैं। वहीं, विजय मौर्या, राजेश तैलंग, प्रशांत नारायणन, गीतांजलि कुलकर्णी और सोहम मजूमदार जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इस सीरीज का निर्देशन सचिन पाठक ने किया है।

रंगबाज: द बिहार चैप्टर 31 अक्टूबर 2025 को जी5 (ZEE5) पर स्ट्रीम होगी। दिलचस्प बात यह है कि यह सीरीज पहले ‘डर की राजनीति’ नाम से 2022 में रिलीज हुई थी, लेकिन अब इसे नए टाइटल और ताजे सियासी संदर्भों के साथ दोबारा पेश किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस कदम को लेकर अपने तंज भी कसे हैं। एक ने लिखा बिहार इलेक्शन बाबू भैया, बिहार इलेक्शन, हमें भूल तो नहीं गए। वहीं, दूसरे ने कहा कि क्या चालाकी है! चुनाव से ठीक पहले 2022 की सीरीज को नए नाम से फिर रिलीज कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *