Akshara Singh interview : भोजपुरी इंडस्ट्री में विवादों की बात हो तो पवन सिंह और खेसारी लाल यादव का नाम अक्सर सुर्खियों में रहता है. जिसमें अक्षरा सिंह की एंट्री की चर्चा खूब होती है. बीते कुछ वर्षों से खेसारी लाल यादव और काजल राघवानी के कथित अफेयर और बाद में हुए ब्रेकअप को लेकर काफी चर्चाएं होती रही हैं. ब्रेकअप के बाद काजल ने आरोप लगाया था कि खेसारी ने उनसे शादी का वादा किया, लेकिन बाद में मुकर गए. हालांकि खेसारी ने इन आरोपों को खारिज किया और सार्वजनिक मंचों पर काजल को लेकर कई बयान दिए. इसी मुद्दे पर हाल ही में एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में अक्षरा सिंह से सवाल किया गया. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अक्षरा ने कहा कि विवाद सामने आने के बाद काजल को काफी मानसिक और सामाजिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी. उनके मुताबिक, खेसारी के समर्थकों द्वारा काजल को ट्रोल किया गया और उनके खिलाफ अभद्र गाने तक बनाए गए.
काजल ने मुझसे मदद मांगी : अक्षरा सिंह
अक्षरा सिंह ने बताया कि उस कठिन दौर में काजल राघवानी ने उन्हें फोन कर मदद मांगी थी. उन्होंने कहा कि एक स्टेज शो के दौरान काजल के साथ बदसलूकी भी हुई थी. अक्षरा के अनुसार, उन्होंने काजल का मनोबल बढ़ाने की कोशिश की और उनका समर्थन किया. अक्षरा ने यह भी कहा कि अगर किसी भी लड़की के साथ इस तरह की घटनाएं होतीं, तो वह टूट सकती थी. उन्होंने इंडस्ट्री के कुछ गायकों को फोन कर फटकार लगाने की बात भी कही, क्योंकि उनके अनुसार किसी महिला कलाकार के खिलाफ अभद्र गाने गाना या अपमानजनक टिप्पणी करना गलत है.
इंडस्ट्री की छवि पर उठाए सवाल
अक्षरा सिंह ने भोजपुरी इंडस्ट्री की छवि पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि किसी निजी विवाद को सार्वजनिक मंच पर गंदे शब्दों और गानों के जरिए उछालना गलत है. उन्होंने यह भी पूछा कि क्या अन्य फिल्म इंडस्ट्री जैसे कि साउथ या बॉलीवुड में इस तरह की घटनाएं होती हैं? खेसारी लाल यादव पर निशाना साधते हुए अक्षरा ने कहा कि सार्वजनिक मंच पर किसी महिला के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करना शोभा नहीं देता, खासकर जब वह पारिवारिक व्यक्ति हों और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय हों.
पहले भी सुर्खियों में रहा मामला
खेसारी लाल यादव और काजल राघवानी का ब्रेकअप पहले भी काफी चर्चा में रहा था. दोनों ने एक-दूसरे पर खुलकर बयान दिए थे. अब अक्षरा सिंह के ताजा बयान के बाद यह विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है. फिलहाल इस पूरे मामले पर खेसारी लाल यादव की ओर से कोई नई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन सोशल मीडिया पर यह बयान तेजी से वायरल हो रहा है.