The Family Man के तीसरे सीजन का ट्रेलर रिलीज…. इस बार पूर्वोत्तर भारत में चलेगा श्रीकांत तिवारी का मिशन

The Family Man 3 Trailer : मनोज बाजपेयी एक बार फिर श्रीकांत तिवारी के रूप में वापसी कर रहे हैं। द फैमिली मैन 3 का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर रिलीज़ हो गया है, जिसमें जासूसी, एक्शन और इमोशन्स का जबरदस्त संगम देखने को मिलता है। राज और डीके द्वारा निर्देशित इस सीरीज में इस बार कहानी का केंद्र भारत का पूर्वोत्तर इलाका है, जहां श्रीकांत एक नए और खतरनाक मिशन पर निकलते हैं।

ट्रेलर की शुरुआत एक दिलचस्प मोड़ से होती है, श्रीकांत अपने परिवार को आखिरकार यह राज़ बता देता है कि वह एक जासूस है। बेटे के मासूम सवाल कि क्या तुम्हारा कोई कोडनेम है, जैसे टाइगर या लायन? पर श्रीकांत अपने पुराने अंदाज़ में जवाब देता है, मैं सर्कस में नहीं, खुफिया विभाग में काम करता हूं। यही संवाद ट्रेलर की टोन तय करता है, जासूसी के साथ परिवार और हास्य का परफेक्ट बैलेंस। इस सीज़न में श्रीकांत का सामना एक नए दुश्मन से होता है, एक ख़तरनाक ड्रग माफिया, जिसकी भूमिका जयदीप अहलावत निभा रहे हैं। वहीं, अभिनेत्री निमरत कौर ट्रेलर में अपने दमदार डायलॉग ,मैं ही इस सर्कस को चला रही हूं, के साथ अलग छाप छोड़ती हैं।

कहानी तब और पेचीदा हो जाती है जब श्रीकांत खुद एक वांछित अपराधी बन जाता है। गिरफ्तारी वारंट जारी होता है और उसे अपने परिवार को साथ लेकर फरार होना पड़ता है। इस बार दांव पहले से कहीं ज्यादा ऊंचे हैं ,क्योंकि श्रीकांत न केवल अपने देश को बचाने के मिशन पर है, बल्कि अपने परिवार को भी जासूसी की दुनिया में घसीट चुका है। शो में श्रीकांत के साथी जेके तलपड़े (शारिब हाशमी) की कॉमिक केमिस्ट्री एक बार फिर दर्शकों को हंसाएगी। एक सीन में दोनों जेल में हैं, जहां जेके नाराज़ होकर कहता है कि श्रीकांत की वजह से वह अकेले मर जाएगा। जवाब में श्रीकांत मज़ाकिया अंदाज़ में कहता है कि यहां से निकल गए तो तेरी शादी मैं खुद कराऊंगा, मंगनी की निगरानी भी करूंगा।

द फैमिली मैन 3 को राज और डीके ने सुमन कुमार के साथ मिलकर लिखा है। सीरीज में श्रेया धनवंतरी, दर्शन कुमार, सीमा बिस्वास, विपिन शर्मा, गुल पनाग, दलीप ताहिल, जुगल हंसराज और आदित्य श्रीवास्तव जैसे कई दमदार कलाकार नजर आएंगे। द फैमिली मैन 3 का प्रीमियर 21 नवंबर, 2025 को प्राइम वीडियो पर होगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *