अमेरिका–ईरान संघर्ष पर 2 हफ्ते का सीजफायर… पाकिस्तान की मध्यस्थता से बनी सहमति !

Iran War Live Updates : लगभग 40 दिनों से जारी तनावपूर्ण संघर्ष के बाद संयुक्त राज्य अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ्तों के लिए सीजफायर पर सहमति बन गई है. इस महत्वपूर्ण घटनाक्रम की पुष्टि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने की. ट्रम्प के अनुसार यह निर्णय पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और पाकिस्तानी सेना प्रमुख की अपील के बाद लिया गया.

होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही होगी सुनिश्चित

सीजफायर से पहले ट्रम्प ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा था कि यदि होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित नहीं की गई, तो अमेरिका कड़े कदम उठा सकता है, जिसमें रणनीतिक ढांचे पर हमले भी शामिल हो सकते हैं. द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक यह समझौता पाकिस्तान की सक्रिय मध्यस्थता और अंतिम समय में चीन के हस्तक्षेप के बाद संभव हो सका. पाकिस्तान ने ही दो सप्ताह के अस्थायी सीजफायर का प्रस्ताव रखा था, जिसे ईरान ने स्वीकार कर लिया.

अमेरिका और इज़राइल रोकेंगे अपने सैन्य हमले

समझौते के तहत संयुक्त राज्य अमेरिका और इज़राइल अपने सैन्य हमले रोकेंगे, वहीं ईरान भी जवाबी कार्रवाई से परहेज करेगा. इस अवधि के दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल, गैस और अन्य जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी ईरानी बलों पर होगी. यह सीजफायर लेबनान सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों में भी लागू रहेगा. इसके बाद दोनों देशों के बीच औपचारिक वार्ता 10 अप्रैल से पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुरू होने की संभावना है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *