भारत–बांग्लादेश के बीच वीजा सेवाओं पर असर… तनाव के बीच दोनों देशों ने रोकी सर्विस

India Bangladesh news : हालिया घटनाक्रम के बाद भारत और बांग्लादेश के बीच तनाव और गहरा गया है। भारत द्वारा बांग्लादेश के चटगांव में स्थित भारतीय वीजा आवेदन केंद्र (आईवीएसी) में वीजा सेवाएं निलंबित किए जाने के बाद अब बांग्लादेश ने भी भारत के लिए वीजा सेवाओं पर रोक लगाने का फैसला किया है। बांग्लादेश सरकार ने नई दिल्ली में स्थित अपने उच्चायोग में कांसुलर सेवाओं और वीजा जारी करने की प्रक्रिया को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है।

उस्मान हादी की मौत के बाद बिगड़े हालात

सोमवार को बांग्लादेश मिशन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण, नई दिल्ली में बांग्लादेश उच्चायोग से सभी कांसुलर और वीजा सेवाएं अगले आदेश तक अस्थायी रूप से निलंबित की जाती हैं। इस फैसले से भारत जाने वाले बांग्लादेशी नागरिकों के साथ-साथ दोनों देशों के बीच आवाजाही पर तत्काल असर पड़ने की संभावना है। दरअसल बांग्लादेश में छात्र नेता उस्मान हादी की मौत के बाद हालात तेजी से बिगड़े। इस घटना के बाद देश के विभिन्न हिस्सों में हिंसक प्रदर्शन हुए, जिनमें भारत विरोधी नारेबाजी और तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं। इन प्रदर्शनों के चलते दोनों देशों के बीच कूटनीतिक और सुरक्षा स्तर पर तनाव चरम पर पहुंच गया।

अगले आदेश तक वीजा सेवाएं निलंबित

इससे पहले भारत ने रविवार को बांग्लादेश के दक्षिण-पूर्वी शहर चटगांव में स्थित भारतीय वीजा आवेदन केंद्र में वीजा सेवाएं अगले आदेश तक निलंबित कर दी थीं। यह फैसला उस समय लिया गया, जब चटगांव में भारतीय सहायक उच्चायोग (एएचसीआई) के बाहर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी इकट्ठा हो गए थे। सूत्रों के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने न सिर्फ भारत विरोधी नारे लगाए, बल्कि राजशाही में भारतीय वीजा आवेदन केंद्र पर हिंसा करने की धमकी भी दी थी। कुछ प्रदर्शनकारियों के तलवारें और अन्य हथियार उठाने की बातें सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर आ गई थीं। बताया जा रहा है कि गुरुवार को चटगांव में सहायक भारतीय उच्चायुक्त के आवास पर पथराव की घटना भी हुई थी, जिसने भारत की चिंताओं को और बढ़ा दिया। इसके बाद भारतीय अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए वीजा सेवाएं रोकने का निर्णय लिया।

भारत ने भी उठाया कदम

भारतीय वीजा आवेदन केंद्र (आईवीएसी) ने अपने बयान में कहा कि चटगांव में भारतीय सहायक उच्चायोग से जुड़ी हालिया घटनाओं को देखते हुए वहां वीजा सेवाएं निलंबित की गई हैं। आईवीएसी के अनुसार, शहर में भारतीय वीजा से जुड़ी सभी सेवाएं 21 दिसंबर से अगले आदेश तक बंद रहेंगी। बयान में यह भी कहा गया कि सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के बाद केंद्र को फिर से खोलने को लेकर आगे की घोषणा की जाएगी। इस बीच, बांग्लादेश के सिलहट में स्थित भारतीय सहायक उच्चायोग कार्यालय और वहां के वीजा आवेदन केंद्र की सुरक्षा शनिवार को और कड़ी कर दी गई। आईवीएसी ढाका, खुलना, राजशाही, चटगांव और सिलहट में अपने केंद्र संचालित करता है। आईवीएसी के एक अधिकारी के मुताबिक, फिलहाल चार अन्य केंद्रों में वीजा सेवाएं जारी हैं।

कूटनीतिक बातचीत पर निर्भर करेगी आगे की स्थिति

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भारत ने गुरुवार को ढाका में अपने वीजा आवेदन केंद्र को फिर से खोल दिया था। जिसे पहले सुरक्षा संबंधी चिंताओं के चलते इसे एक दिन पहले अस्थायी रूप से बंद किया गया था। विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा हालात में वीजा सेवाओं पर लगी रोक दोनों देशों के आम नागरिकों, छात्रों, मरीजों और व्यापारिक यात्राओं को प्रभावित कर सकती है। हालांकि, दोनों पक्षों की ओर से अब भी हालात पर नजर रखी जा रही है और आगे की स्थिति सुरक्षा और कूटनीतिक बातचीत पर निर्भर करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *