अब जेल जा रहे हैं…पूर्व विधायक अनंत सिंह ने क्यो किया सरेंडर

पटना। बिहार के मोकामा में हुए गैंगवार और फायरिंग मामले में बाहुबली और पूर्व विधायक अनंत सिंह(Anant Singh) ने आज (24 जनवरी) पटना के बाढ़ स्थित अदालत के सामने सरेंडर कर दिया. सरेंडर के बाद अदालत ने उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया. इससे पहले इसी मामले में उनके प्रतिद्वंद्वी और कुख्यात गैंगस्टर सोनू ने सुबह पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया था. मामले में 22 जनवरी को मोकामा में अनंत सिंह और सोनू-मोनू गैंग के बीच हुई 70-80 राउंड फायरिंग के बाद पुलिस ने तीन एफआईआर दर्ज की थीं.

Anant Singh ने क्या कहा

सरेंडर के बाद जब अनंत सिंह से जेल भेजे जाने के बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा हम हमेशा से नियमों का पालन करते आए हैं. अदालत ने जेल भेजने का आदेश दिया है, तो हम जा रहे हैं. नियम किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं, बल्कि सरकार के लिए होते हैं और इनका पालन करना अनिवार्य है.

क्या था मामला?

22 जनवरी को मोकामा में अनंत सिंह (Anant Singh) और सोनू-मोनू गैंग के बीच भारी गोलीबारी हुई थी. इस घटना में अनंत सिंह बाल-बाल बच गए थे, जबकि उनके एक समर्थक को गोली लग गई थी. वारदात के बाद पुलिस ने तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज कीं.

मामले में तीन एफआईआर दर्ज

एक ग्रामीण के आवेदन पर सोनू और मोनू के खिलाफ दर्ज की गई. इसके बाद सोनू-मोनू की मां उर्मिला देवी के बयान पर अनंत सिंह के खिलाफ दर्ज की गई.

फिर मामले को लेकर पुलिस ने खुद एफआईआर दर्ज किया जिसमें पुलिस के काम में बाधा पहुंचाने और गोलीबारी का मामला शामिल है.

पुलिस का बयान

ग्रामीण एसपी बिक्रम सिहाग ने बताया कि फायरिंग के मामले में दोनों पक्षों पर आरोप हैं. मामले की जांच जारी है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं.

बता दें कि अनंत सिंह (Anant Singh) को बिहार में एक बाहुबली नेता के रूप में जाना जाता है. उनके खिलाफ कई गंभीर आरोप पहले से दर्ज हैं, लेकिन वे खुद को हमेशा नियमों का पालन करने वाला बताते आए हैं. इस घटना ने एक बार फिर से बिहार की राजनीति और अपराध के बीच गहरे संबंधों को उजागर कर दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *