Bihar Vidhan Sabha Speaker : बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन शुक्रवार को सदन को नया स्पीकर मिल गया। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ विधायक प्रेम कुमार(Prem Kumar) को निर्विरोध विधानसभा अध्यक्ष चुना गया। उनके निर्वाचन के बाद सत्तापक्ष और विपक्ष, दोनों ही दलों के नेताओं ने उन्हें बधाई दी और सदन में लोकतांत्रिक गरिमा का बेहद सकारात्मक दृश्य देखने को मिला। स्पीकर चुने जाने के बाद नीतीश कुमार (मुख्यमंत्री व सदन के नेता) और तेजस्वी यादव (नेता प्रतिपक्ष) स्वयं प्रेम कुमार को उनके आसन तक लेकर पहुंचे। इस ऐतिहासिक पल पर पूरे सदन में जोरदार तरीके से भारत माता की जय और जय श्रीराम के नारे लगे, जिससे सदन का माहौल उत्साहपूर्ण हो गया।
सदन ने खड़े होकर दी प्रेम कुमार को बधाई
स्पीकर चुने जाने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रेम कुमार को बधाई दी और उनके लंबे राजनीतिक अनुभव की खुलकर सराहना की। उन्होंने सदन से अपील की कि सभी सदस्य खड़े होकर नए अध्यक्ष का सम्मान करें। इसके बाद पूरे सदन ने खड़े होकर प्रेम कुमार का अभिनंदन किया। स्पीकर चुने जाने के बाद प्रेम कुमार ने सदन को संबोधित करते हुए कहा कि मुझे जो बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ निभाऊंगा। सदन में पक्ष और विपक्ष के हर सदस्य को बराबर सम्मान मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का मंदिर है और इसकी मर्यादा बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
राज्यपाल का अभिभाषण और बजट पर चर्चा
बिहार विधानसभा का शीतकालीन सत्र अब अपने महत्वपूर्ण चरण में प्रवेश करने जा रहा है। सत्र के तीसरे दिन राज्यपाल बिहार विधानसभा में अपना अभिभाषण देंगे। इस दौरान राज्य सरकार अपनी नीतियों, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं को सदन के सामने प्रस्तुत करेगी। चौथे और पांचवें दिन राज्यपाल के अभिभाषण पर विस्तृत चर्चा होगी, जिसमें विपक्ष और सत्ता पक्ष दोनों अपनी-अपनी रणनीति और सवाल मजबूती से रखेंगे। इसी दौरान अनुपूरक बजट भी पेश किया जाएगा, जिस पर गहन बहस होने की संभावना है।