मुंबई में बनेगा बिहार भवन… 314.20 करोड़ की परियोजना को कैबिनेट की मंजूरी, जानें क्या होगी खासियत

Bihar Bhavan : दिल्ली के बाद अब महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भी बिहार सरकार अपना भव्य बिहार भवन बनाएगी. राज्य सरकार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना की विस्तृत योजना तैयार कर ली है और इसके लिए 314 करोड़ 20 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति भी प्रदान कर दी गई है. इस प्रस्ताव को राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में मंजूरी मिल चुकी है.

सुरक्षित और सुलभ आवास

भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने जानकारी देते हुए बताया कि मुंबई के एलिफिंस्टन एस्टेट स्थित मुंबई पोर्ट ट्रस्ट क्षेत्र में बिहार भवन का निर्माण किया जाएगा. यह भवन बेसमेंट सहित लगभग 30 मंजिला होगा और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस रहेगा. प्रस्तावित भवन की ऊंचाई जमीन से करीब 69 मीटर होगी और यह लगभग 0.68 एकड़ भूमि पर निर्मित किया जाएगा. बिहार भवन में कुल 178 कमरे बनाए जाएंगे, जिनका उपयोग सरकारी अधिकारियों, अतिथियों और जरूरतमंद लोगों के लिए किया जाएगा. इस भवन की सबसे अहम विशेषता यह होगी कि इसमें इलाज के लिए बिहार से मुंबई आने वाले गंभीर रोगियों और उनके परिजनों के ठहरने की विशेष व्यवस्था की जाएगी. कैंसर समेत अन्य गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मुंबई आने वाले मरीजों के लिए 240 बेड की क्षमता वाला डोरमेट्री बनाया जाएगा, जिससे उन्हें सुरक्षित और सुलभ आवास मिल सकेगा.

बिहार की दूसरी बड़ी खबरें देखने के लिए यहां क्लिक करें

72 सीटों की क्षमता वाला आधुनिक कॉन्फ्रेंस हॉल

सरकारी बैठकों और कार्यक्रमों के आयोजन के लिए 72 सीटों की क्षमता वाला आधुनिक कॉन्फ्रेंस हॉल भी विकसित किया जाएगा. इसके अलावा भवन में कैफेटेरिया, मेडिकल रूम और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी. वाहन पार्किंग की समस्या को ध्यान में रखते हुए सेंसर आधारित स्मार्ट ट्रिपल और डबल डेकर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी, जिसमें एक समय में 233 वाहनों की पार्किंग संभव होगी. सचिव कुमार रवि के अनुसार, मुंबई में बिहार भवन का निर्माण राज्य की प्रगति और जनकल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. इससे एक ओर जहां सरकारी कार्यों को सुगमता मिलेगी, वहीं दूसरी ओर इलाज के लिए मुंबई आने वाले हजारों बिहारवासियों को बड़ी राहत मिलेगी. यह भवन बिहार सरकार की सामाजिक जिम्मेदारी और आधुनिक विकास सोच का प्रतीक भी बनेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *