बिहार बीजेपी को मिला नया नेतृत्व… संजय सरावगी ने संभाली प्रदेश अध्यक्ष की कमान

Bihar bjp president : बिहार भारतीय जनता पार्टी के लिए आज का दिन बेहद अहम रहा। दरभंगा विधानसभा सीट से विधायक संजय सरावगी (Sanjay Saraogi)ने औपचारिक रूप से बिहार बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर कार्यभार संभाल लिया। प्रदेश की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय सरावगी की ताजपोशी को लेकर राजधानी पटना में उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला।

हाईकोर्ट से लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय तक रोड शो

प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद संजय सरावगी पहली बार पटना पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। हाईकोर्ट से लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय तक उनका रोड शो निकाला गया। ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और पार्टी कार्यकर्ताओं के नारों के बीच सरावगी रथ पर सवार होकर पार्टी दफ्तर पहुंचे। सड़क के दोनों ओर खड़े कार्यकर्ताओं के हाथों में पार्टी के झंडे थे और पूरे रास्ते उत्साह चरम पर नजर आया। भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, नीतीश कैबिनेट के कई मंत्री, वरिष्ठ नेता और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। यहां निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने औपचारिक रूप से उन्हें अध्यक्ष पद का प्रभार सौंपा। इस मौके पर पार्टी नेताओं ने नए अध्यक्ष को बधाई देते हुए संगठन को और मजबूत करने की उम्मीद जताई।

लगातार पांच बार दरभंगा से विधायक

56 वर्षीय संजय सरावगी लगातार पांच बार दरभंगा से विधायक चुने जा चुके हैं और राज्य सरकार में मंत्री के तौर पर भी अपनी भूमिका निभा चुके हैं। मिथिला और दरभंगा क्षेत्र में उन्हें भाजपा के पुराने और प्रभावशाली चेहरे के रूप में देखा जाता है। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि उनके अनुभव और संगठनात्मक पकड़ से बिहार में बीजेपी को नई मजबूती मिलेगी। प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद संजय सरावगी ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि संगठन की ताकत ही पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी है और सभी को साथ लेकर बिहार में भाजपा को और सशक्त बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *