दरभंगा में मकर संक्रांति पर मिलेगी ठंड से राहत…17-18 जनवरी के बाद बदलेगा मौसम का मिजाज

Bihar Weather : बिहार में ठंड का असर अभी भी बना हुआ है. सुबह और शाम के समय लोगों को कनकनी का एहसास हो रहा है, जबकि दिन में धूप निकलने से ठंड से आंशिक राहत मिल रही है. सोमवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में 5.6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई. राज्य का अधिकतम तापमान 20.6 से 27.0 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 4.6 से 11.0 डिग्री सेल्सियस के दायरे में रिकॉर्ड किया गया.

अगले चार दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं

मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. हालांकि, सुबह के समय राज्य के अधिकांश शहरों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहा. पूर्णिया और सुपौल में बहुत घना कोहरा देखने को मिला, जहां दृश्यता घटकर मात्र 10 मीटर रह गई. सोमवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 27 डिग्री सेल्सियस किशनगंज में और सबसे कम 4.6 डिग्री सेल्सियस समस्तीपुर के पूसा में दर्ज किया गया. राजधानी पटना में मंगलवार को सुबह हल्के स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है. दिन में धूप निकलने के आसार हैं, जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिलेगी. हालांकि, न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास रहने के कारण सुबह-शाम कनकनी बनी रहेगी.

बिहार की दूसरी बड़ी खबरें देखने के लिए यहां क्लिक करें

उधर, मुजफ्फरपुर में लगातार चौथे दिन धूप निकलने से 25 दिन बाद अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया. धूप की तपिश से गलन वाली ठंड में कमी आई है. पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ. ए सत्तार ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र में कमी आई है. इसके कारण जेट स्ट्रीम का प्रभाव कमजोर पड़ा है और तापमान में सुधार देखने को मिल रहा है. उन्होंने कहा कि अगले तीन से चार दिनों में अधिकतम तापमान में तेजी से सुधार होगा, जबकि न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि हो सकती है. इस सप्ताह के अंत तक मौसम के पूरी तरह बेहतर होने के आसार हैं.

कैसा रहेगा आने वाले दिनों में बिहार में मौसम

बीते 15 दिनों से कड़ाके की ठंड झेल रहे लोगों को सोमवार की सुबह धूप निकलने से काफी राहत मिली. कई इलाकों में लोग छतों पर बैठकर धूप का आनंद लेते नजर आए. सोमवार को तड़के सुबह न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि दोपहर में अधिकतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. सुबह हल्की धुंध के कारण हवा में सापेक्ष आर्द्रता 94 प्रतिशत रही और पछुआ हवा की गति 5.2 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक मौसम इसी तरह बना रहेगा. सुबह धुंध छाई रहेगी, लेकिन बाद में धूप निकलेगी. लोग धूप सेंक कर ठंड से राहत महसूस करेंगे. हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के असर से 17 या 18 जनवरी से एक बार फिर ठंड बढ़ने की संभावना है. ऐसे में फिलहाल राहत के बाद फिर से ठंड का दौर लौट सकता है. ये भी पढ़ें : CM नीतीश कुमार करेंगे सरकारी योजनाओं की  जमीनी समीक्षा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *