उत्तर में घना कोहरा…दक्षिण में भयंकर कनकनी का अलर्ट,बिहार में ठंड ने बढ़ाया सूरज का इंतजार

Bihar Mausam News : बर्फीली पछुआ हवाओं का असर अब मैदानी इलाकों तक साफ तौर पर दिखने लगा है। इसके चलते बिहार के अधिकांश हिस्सों में ठंड और कनकनी तेजी से बढ़ गई है। राजधानी पटना सहित कई जिलों में घने कोहरे और धूप की गैरमौजूदगी ने जनजीवन को खासा प्रभावित किया है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में पिछले दो दिनों से धूप नहीं निकलने के कारण अधिकतम तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। इसका असर दोपहर के समय भी महसूस किया जा रहा है, जब आमतौर पर हल्की राहत मिलती है। ठंड की वजह से लोग दिन में भी गर्म कपड़ों में नजर आ रहे हैं।

उत्तर बिहार में घना कोहरा, दक्षिण में बढ़ेगी कनकनी

मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को भी ठंड का प्रभाव बने रहने की चेतावनी दी है। उत्तर बिहार के जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे दृश्यता कम रहने और यातायात प्रभावित होने की आशंका है। वहीं दक्षिण बिहार में पछुआ हवाओं के कारण कनकनी और ठंड बढ़ने के आसार जताए गए हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दक्षिण बिहार में कोहरे का प्रभाव अपेक्षाकृत कम रहेगा, लेकिन आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। इसके चलते अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे बना रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर रहने की संभावना है। इसी कारण दिन के समय भी लोगों को ठंड का एहसास होगा।

कोहरे की चादर में ढका बिहार…दोपहर तक नहीं निकली धूप, यातायात से लेकर बिजली आपूर्ति तक प्रभावित

22 जिलों में छाया रहा घना कोहरा

शुक्रवार को प्रदेश के 22 जिलों में घना कोहरा छाया रहा, जबकि शेष जिलों में मध्यम स्तर का कोहरा देखा गया। कोहरे और ठंडी हवाओं के चलते राज्यभर में शीतलहर जैसे हालात बन गए। हालांकि इस दौरान कई शहरों में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी भी दर्ज की गई है।

कब निकलेगा सूरज?

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसम में धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान बीच-बीच में धूप निकलने के भी आसार हैं, जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिल सकती है। फिलहाल, अगले दो दिनों तक ठंड और कोहरे से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *