बिहार में बड़े प्रशासनिक बदलाव की तैयारी… सीएम नीतीश ने तीन नए विभाग बनाने के दिए आदेश

Bihar News : बिहार सरकार ने राज्य में रोजगार सृजन और शिक्षा प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में तीन नए विभागों, युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, उच्च शिक्षा विभाग और नागर विमानन विभाग के गठन का निर्देश दिया है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार (05 दिसंबर 2025) को एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर यह जानकारी साझा की. सरकार का दावा है कि इन विभागों के गठन से युवाओं को नौकरी, कौशल विकास, उच्च शिक्षा और औद्योगिक अवसरों की दिशा में नई संभावनाएं खुलेंगी.

5 वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को रोजगार का लक्ष्य

सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार ने 2025 से 2030 के बीच 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य तय किया है. उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए जरूरी है कि अधिक से अधिक युवाओं को कौशल विकास के लिए प्रशिक्षण दिया जाए और गुणवत्तापूर्ण उच्च एवं तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराई जाए. साथ ही पूरे मिशन की सघन निगरानी भी की जाएगी. नए विभागों के गठन को इसी रणनीति का अहम आधार बताया जा रहा है.

मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार में उच्च शिक्षा विभाग अलग से बनाने का मुख्य उद्देश्य उच्च शिक्षा में गुणात्मक सुधार, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा, तकनीकी व व्यावसायिक शिक्षा का विस्तार और सभी वर्गों के युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराना है. सरकार का मानना है कि नए विभाग की स्थापना से विश्वविद्यालयों व कॉलेजों की कार्यप्रणाली अधिक सुचारू होगी और शोध-नवाचार के लिए बेहतर वातावरण तैयार किया जा सकेगा.

हवाई कनेक्टिविटी से बढ़ेगा उद्योग और निर्यात

नीतीश कुमार ने यह भी बताया कि राज्य में कई नए हवाई अड्डों का निर्माण जारी है, जबकि UDAN योजना के तहत कई नए एयरपोर्ट का प्रस्ताव भी है. उन्होंने कहा कि अलग से नागर विमानन विभाग बनने से एयरपोर्ट निर्माण और विस्तार की रफ्तार बढ़ेगी, औद्योगिक निवेश आकर्षित होगा, पर्यटन एवं व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, राज्य से होने वाले उत्पादों के निर्यात में मदद मिलेगी और विमानन क्षेत्र के मजबूती से रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.

नौकरी और ट्रेनिंग पर फोकस

नए युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के जरिए सरकार युवाओं को विभिन्न सेक्टर में कौशल प्रशिक्षण, सरकारी और निजी क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने जॉब मैपिंग और इंडस्ट्री लिंक्ड ट्रेनिंग औऱ जिले स्तर पर मेगा स्किल सेंटर की स्थापना पर काम करेगी. नीतीश कुमार ने कहा कि हर जिले में मेगा स्किल सेंटर खोलने से स्थानीय युवाओं को सीधे रोजगार से जुड़ने में मदद मिलेगी.

MSME और मार्केटिंग प्रमोशन कॉरपोरेशन भी बनेगा

सरकार ने दो और बड़े संस्थागत बदलाव किए हैं .

  • सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम निदेशालय (MSME Directorate)

यह राज्य में छोटे और मध्यम उद्योगों के विकास को प्रोत्साहित करेगा.

  • बिहार विपणन प्रोत्साहन निगम (Bihar Marketing Promotion Corporation)

यह निगम कृषि ,पशुपालन, बागवानी, खाद्य प्रसंस्करण, हस्तशिल्प, ग्रामीण उद्योग और लघु एवं कुटीर उद्योग जैसे क्षेत्रों में उत्पादों की गुणवत्ता, उपलब्धता और मार्केटिंग को मजबूत करेगा. जिससे इन सेक्टरों की मजबूती से बड़े पैमाने पर स्थानीय रोजगार सृजित होने की उम्मीद है. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं के सुखद भविष्य के लिए हम लगातार काम कर रहे हैं. अधिक से अधिक सरकारी नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *