Bihar news Today : BPSC 70वीं संयुक्त परीक्षा का परिणाम जारी..किसानों के खाते में पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त डिपॉजिट

Bihar ki Dinbhar ki khabar : बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है. आयोग के अनुसार इस बार 2027 कैंडिडेट्स सेलेक्ट हुए हैं. पढ़िए आज दिन भर की बड़ी खबरें (Bihar news Today )…

  • बिहार के 73 लाख से अधिक किसानों के खाते में पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी कर दी है. देशभर के 9 करोड़ 44 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी गई. बिहार के 73 लाख से अधिक किसानों को भी इस किस्त का लाभ मिला है. पटना के बामती सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे.

  • नीट यूजी पुनर्परीक्षा कल, बिहार में 331 केंद्रों पर होगी परीक्षा

नीट यूजी पुनर्परीक्षा को लेकर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. परीक्षा से पहले सभी केंद्रों पर मॉक ड्रिल आयोजित कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया.बिहार के 34 जिलों में कुल 331 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1.56 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है. परीक्षा को कदाचार मुक्त और सुचारू रूप से कराने के लिए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं. परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए परिवहन विभाग विशेष बसें चलाएगा, जबकि रेलवे की ओर से भी विशेष ट्रेनें संचालित की जाएंगी.

  • भोजपुर पुलिस मुठभेड़ मामले में न्यायिक जांच के आदेश

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में 17 जून को हुई पुलिस मुठभेड़ मामले की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले की जांच उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश करेंगे. उन्होंने बताया कि जांच का उद्देश्य घटना के सभी पहलुओं की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करना है. गौरतलब है कि शाहपुर क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के बाद भरत तिवारी की मौत हुई थी. इस घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने विरोध जताया था.

  • 70वीं बीपीएससी संयुक्त परीक्षा का परिणाम जारी, श्रद्धा पांडे बनीं टॉपर

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 70वीं संयुक्त परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है. परीक्षा में 2027 अभ्यर्थियों को सफलता मिली है. आयोग के अध्यक्ष रवि मनु भाई परमार ने परिणाम जारी करते हुए बताया कि श्रद्धा पांडे ने 593 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया है. शशांक गौरव 592 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि आयुष विजय तीसरे स्थान पर रहे. जानकारी के अनुसार इस परीक्षा के प्रारंभिक चरण में चार लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए थे.

  • बिहार में मौसम का बदला मिजाज, कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट

मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई है. नवादा और पश्चिम चंपारण में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. वहीं पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में तेज हवा, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है. दूसरी ओर पटना समेत दक्षिण-पश्चिम बिहार में गर्मी का असर जारी है. कैमूर के भभुआ में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

  • नेपाल में भारी बारिश से बिहार में बाढ़ का खतरा बढ़ा

नेपाल में लगातार हो रही बारिश का असर अब बिहार के सीमावर्ती इलाकों में दिखने लगा है. किशनगंज जिले के ठाकुरगंज क्षेत्र में बहने वाली मेची नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. नदी के उफान के कारण भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में कटाव तेज हो गया है. स्थानीय इलाकों में नदी के पानी से करीब 100 एकड़ क्षेत्र जलमग्न हो चुका है. कई गांवों में बाढ़ का पानी पहुंचने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. हजारों लोग प्रभावित हुए हैं और आवागमन समेत रोजमर्रा के कामों पर असर पड़ा है. प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं. वहीं, बिहार में मानसून समय से पहले दस्तक दे चुका है, लेकिन अब तक राज्य में सामान्य बारिश दर्ज नहीं की गई है. मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच कई जिलों में बारिश की कमी बनी हुई है.