Bihar News : सरकारी अस्पताल से गयाब हुई युवक आंख, NMCH के डॉक्टरों ने चूहों पर लगाया आरोप ; जानिए पूरा मामला

पटना। बिहार की राजधानी पटना स्थित नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (NMCH) में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. गोली लगने से घायल युवक फंटूष कुमार की मौत के बाद अस्पताल में उनकी एक आंख गायब मिली. डॉक्टरों का दावा है कि चूहों ने आंख को कुतर दिया, जबकि मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही और साजिश का आरोप लगाया है.

क्या है मामला?

पटना के रहने वाले फंटूष कुमार को 15 नवंबर को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी थी. गंभीर हालत में उन्हें NMCH में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार रात उन्होंने दम तोड़ दिया. उनकी मौत के बाद शव को आईसीयू में ही रखा गया, क्योंकि रात में पोस्टमार्टम नहीं हो सकता था. शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए शव को मुर्दाघर ले जाया गया.

जब शव को मुर्दाघर से वापस लाया गया, तो मृतक के परिजनों ने देखा कि उनकी बाईं आंख गायब थी और स्ट्रेचर पर एक सर्जिकल ब्लेड पड़ा हुआ था.

NMCH पर परिजनों का आरोप

मृतक के परिवार ने इस घटना को लेकर अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए. परिजनों का कहना है कि यह घटना महज लापरवाही नहीं, बल्कि किसी साजिश का नतीजा हो सकती है.

NMCH के डॉक्टरों का क्या कहना है?

NMCH के चिकित्सा अधीक्षक बिनोद कुमार सिंह ने बताया कि इस घटना की जांच के लिए एक मेडिकल टीम का गठन किया गया है. उन्होंने कहा, “यह बेहद गंभीर मामला है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.”

अस्पताल के कुछ डॉक्टरों ने आशंका जताई कि चूहों ने शव की आंख को कुतर दिया होगा. चिकित्सा अधीक्षक ने कहा, “आखिर आंख कैसे गायब हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा. अस्पताल प्रशासन ने इस घटना को लेकर आलमगंज थाने में शिकायत दर्ज करवाई है.”

पुलिस की जांच

आलमगंज थाना के एसएचओ राजीव कुमार ने रविवार को बताया कि अस्पताल प्रशासन की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. उन्होंने कहा, “हम अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं और पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों से स्पष्टीकरण मांगा गया है. मृतक के परिजनों और अस्पताल कर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है. मामले की हर पहलू से जांच हो रही है.” फिलहाल मृतक के परिवार की ओर से कोई अलग से शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है.

मामले के बाद NMCH पर उठ रहे सवाल

  • चूहों की भूमिका: क्या वास्तव में चूहों ने शव की आंख को कुतरा, या यह अस्पताल की लापरवाही का परिणाम है?
  • सर्जिकल ब्लेड का सवाल: स्ट्रेचर पर पाया गया सर्जिकल ब्लेड किसने और क्यों छोड़ा?
  • सुरक्षा व्यवस्था: अस्पताल में शव के साथ इस तरह की घटना होना क्या अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल नहीं खड़ा करता?

यह घटना बिहार के स्वास्थ्य व्यवस्था की दुर्दशा और अस्पतालों में फैली लापरवाही को उजागर करती है. प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं, लेकिन मृतक के परिजनों को इंसाफ मिलेगा या नहीं, यह समय बताएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *