Bihar Panchayat Chunav: बिहार में पंचायत चुनाव 2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं और संभावना है कि इस साल के अंत तक मतदान कराया जा सकता है. इस बार का चुनाव कई मायनों में खास माना जा रहा है, क्योंकि पहली बार राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से विशेष रूप से डिजाइन किए गए चिप वाले ईवीएम (Electronic Voting Machine) का उपयोग किया जाएगा. इन मशीनों के जरिए पंचायत के सभी 6 पदों के लिए मतदान कराया जाएगा.
चिप वाले ईवीएम की खासियत
नई तकनीक से लैस इन ईवीएम में एक विशेष चिप लगाई गई है, जो वोटिंग प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाएगी. इसकी प्रमुख विशेषताएं होगी..
- यदि ईवीएम किसी कारणवश क्षतिग्रस्त हो जाता है, तब भी उसमें डाले गए सभी वोट चिप में सुरक्षित रहेंगे.
- प्रत्येक बूथ पर डाले गए कुल वोटों का रिकॉर्ड चिप की मेमोरी में सुरक्षित रहेगा.
- वोटिंग के बाद इस चिप को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है, जिससे भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर इसे सबूत के रूप में इस्तेमाल किया जा सके.
- नए चुनाव से पहले ईवीएम की पुरानी मेमोरी को पूरी तरह डिलीट करने के आलावे चिप बदलने का विकल्प होगा.
नई ईवीएम मशीनों के निर्माण की जिम्मेदारी हैदराबाद स्थित एक सरकारी कंपनी को सौंपी गई है. उम्मीद है कि मई 2026 के बाद इन मशीनों की आपूर्ति राज्य को शुरू हो सकती है.
किन पदों के लिए होंगे चुनाव
पंचायत चुनाव में वार्ड सदस्य, मुखिया, पंच, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य सहित कुल 6 पदों के लिए मतदान कराया जाएगा.जानकारी के अनुसार जून 2026 से मतदाता सूची तैयार करने का कार्य शुरू किया जा सकता है. जिला स्तर पर इसकी प्रारंभिक तैयारियां पहले ही शुरू हो चुकी हैं. प्रत्येक जिले में डीएम को जिला निर्वाचन पदाधिकारी और पंचायत राज पदाधिकारी को सहायक जिम्मेदारी दी गई है, ताकि प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके.
पिछला चुनाव और इस बार की स्थिति
बिहार में पिछला पंचायत चुनाव 2021 में 11 चरणों में पूरा हुआ था. इस बार राज्य की 8053 पंचायतों में चुनाव कराया जाएगा, जिसमें लगभग ढाई लाख पदों के लिए उम्मीदवार मैदान में उतर सकते हैं. इस बार नई तकनीक और व्यापक तैयारियों के चलते चुनाव प्रक्रिया को और अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने पर जोर दिया जा रहा है.