बिहार में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित…. 48 घंटे के लिए 26 जिलों में रेड अलर्ट

Bihar Weather Update  : बिहार में ठंड का प्रकोप लगातार तेज होता जा रहा है। राज्य के बड़े हिस्से में घना कोहरा छाया रहा, जिससे सामान्य जनजीवन के साथ-साथ सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित हुआ। पटना, भागलपुर, बांका, लखीसराय, बेगूसराय, समस्तीपुर, बेतिया, गोपालगंज, सीतामढ़ी समेत करीब 20 जिलों में दृश्यता बेहद कम दर्ज की गई। इधर, प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कोहरे के दौरान सावधानी बरतें, अनावश्यक यात्रा से बचें और ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े व अन्य जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करें।

पछुआ हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन

मौसम में आए अचानक बदलाव के साथ पछुआ हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। ठंड की तीव्रता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए पटना, समस्तीपुर, किशनगंज, गोपालगंज और बेगूसराय में 500 से अधिक स्थानों पर अलाव जलवाए हैं, ताकि जरूरतमंदों को राहत मिल सके। कोहरे का असर सबसे ज्यादा राजधानी पटना में देखने को मिला, जहां कई इलाकों में विजिबिलिटी घटकर महज 20 मीटर तक सिमट गई। दरभंगा में भी दिन के समय सड़कों पर वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। कोहरे के कारण सुबह के वक्त वाहनों की रफ्तार थमी रही और लोग देर से घरों से निकले।

26 जिलों में रेड अलर्ट

तापमान के लिहाज से समस्तीपुर बीते 24 घंटों में राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने स्थिति को गंभीर मानते हुए अगले 48 घंटों के लिए बिहार के 26 जिलों में घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि शेष जिलों में ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, राजधानी पटना में सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे के छाए रहने की संभावना बनी रहेगी। दिन में आंशिक धूप निकल सकती है, लेकिन पछुआ हवाओं के चलते ठंड से पूरी तरह राहत मिलने की उम्मीद कम है। आने वाले दिनों में पटना समेत कई जिलों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज होने की संभावना जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *