पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में पटना में महागठबंधन का कैंडल मार्च

पटना। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले (pahalgam terrorist attack) के विरोध में शुक्रवार को पटना में महागठबंधन की ओर से कैंडल मार्च निकाला गया। इनकम टैक्स गोलंबर से शुरू हुआ यह मार्च डाक बंगला चौराहा तक पहुंचा। मार्च में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के साथ राजद के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी, कांग्रेस के शकील अहमद, विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के मुकेश सहनी और भाकपा माले के राजेश राम सहित कई नेता शामिल हुए।

देश की सुरक्षा के मसले पर हम सब एकजुट

सभी नेता हाथों में मोमबत्ती लिए “जय हिंद” के नारे लगाते नजर आए। शाम 7 बजे से शुरू हुए इस कार्यक्रम के जरिए महागठबंधन ने आतंकी हमले (pahalgam terrorist attack) के खिलाफ एकजुटता और शहीद पर्यटकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की। मार्च के दौरान तेजस्वी यादव ने कहा, कि देश की सुरक्षा के मसले पर हम सब एकजुट हैं। यह समय राजनीति करने का नहीं है। केंद्र सरकार जो भी कार्रवाई करेगी, महागठबंधन उसका समर्थन करेगा।

तेजस्वी ने कहा कि पहलगाम जैसे पर्यटक स्थलों पर अगर हजारों की संख्या में सैलानी मौजूद थे, तो वहां सुरक्षा व्यवस्था क्यों नाकाफी थी। उन्होंने केंद्र की खुफिया एजेंसियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए पूछा, “जब आतंकियों की साजिश की सूचना थी, तो सुरक्षा को पुख्ता क्यों नहीं किया गया? बता दें कि 24 अप्रैल को महागठबंधन की एक बैठक हुई थी, जिसमें पहलगाम आतंकी हमले की निंदा करते हुए एक मिनट का मौन रखा गया था। उसी बैठक में कैंडल मार्च निकालने का निर्णय लिया गया था।

pahalgam terrorist attack : बैसरन घाटी में आतंकी हमला

गौरतलब है कि मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम के बैसरन घाटी में आतंकियों ने पर्यटकों के एक समूह पर हमला कर दिया था, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गई थी। यह स्थान पहलगाम शहर से करीब 6 किलोमीटर दूर स्थित है। घटना के बाद पूरे देश में गुस्सा और शोक की लहर दौड़ गई थी।इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मधुबनी की एक रैली में कहा था कि इस हमले का जवाब ऐसा दिया जाएगा, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *