नई दिल्ली। बिहार के दरभंगा (Darbhanga) जिले के बहेड़ा थाना क्षेत्र के कन्हौली गांव में एक नवविवाहित युवक द्वारा जहर खाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है. 23 वर्षीय संतोष यादव ने शादी के सात महीने बाद, मोबाइल पर पत्नी से हुई बहस के बाद यह कदम उठाया. इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
शादी के कुछ महीनों बाद बढ़ी दूरियां
संतोष यादव की शादी इसी साल अप्रैल 2024 में (Darbhanga) बिरौल थाना क्षेत्र के कलना गांव की एक युवती से हुई थी. शादी के बाद संतोष लुधियाना में काम करने चला गया, जबकि उसकी पत्नी अपने मायके में ही रह रही थी. दूरी के कारण दोनों के बीच बातचीत मोबाइल फोन तक ही सीमित थी.
मोबाइल पर बहस के बाद खाया जहर
मृतक के बड़े भाई लालटून यादव के अनुसार, बीते दिनों संतोष और उसकी पत्नी के बीच फोन पर किसी बात को लेकर बहस हो गई. बातचीत के दौरान दोनों में कहासुनी बढ़ गई और संतोष ने तनाव में आकर कोई जहरीला पदार्थ खा लिया.
परिजनों ने तुरंत संतोष को बेनीपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) रेफर कर दिया. वहां इलाज के दौरान संतोष ने दम तोड़ दिया.
Darbhanga : परिवार और पुलिस की प्रतिक्रिया
संतोष के बड़े भाई ने बताया कि शादी बड़े धूमधाम से हुई थी, लेकिन पति-पत्नी के बीच की दूरी ने तनाव पैदा कर दिया था. इस घटना के बाद परिवार में गहरा शोक है.
बेंता थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार ने कहा, “संतोष यादव की मौत इलाज के दौरान हुई. शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है. मृतक के भाई के बयान को बहेड़ा थाना भेजा जाएगा. फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है.”