अब बिहार के सरकारी डॉक्टर नहीं कर पाएंगे निजी प्रैक्टिस…! समृद्धि यात्रा में नीतीश ने मानी लोगों की मांग

Nitish smridhi yatra : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को पश्चिम चंपारण के बेतिया से अपनी बहुप्रतीक्षित समृद्धि यात्रा की शुरुआत की. इस मौके पर बेतिया के बड़े रमना मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर एक बड़ा और अहम ऐलान किया.

सख्त और नई नीति लागू करेगी नीतीश सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब राज्य के सरकारी अस्पतालों में कार्यरत डॉक्टर निजी प्रैक्टिस नहीं कर सकेंगे. इसके लिए सरकार जल्द ही एक सख्त और नई नीति लागू करने जा रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी डॉक्टरों का पूरा समय और समर्पण सरकारी अस्पतालों और मरीजों की सेवा में लगना चाहिए. नीतीश कुमार ने कहा कि निजी प्रैक्टिस पर रोक से सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित होगी और मरीजों को समय पर बेहतर इलाज मिल सकेगा. इससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही में भी सुधार होगा.

जरूरी सेवाओं को किया जाएगा और मजबूत

मुख्यमंत्री ने बताया कि आम जनता को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसी उद्देश्य से राज्य के सभी जिला और प्रखंड स्तरीय अस्पतालों को चरणबद्ध तरीके से विशिष्ट चिकित्सा केंद्रों के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को बड़े शहरों की ओर न जाना पड़े. उन्होंने कहा कि जिला अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा उपकरण, विशेषज्ञ डॉक्टर और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे. साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, हृदय रोग, कैंसर, किडनी और न्यूरोलॉजी जैसी प्रमुख सेवाओं को और मजबूत किया जाएगा.

182 करोड़ रुपये की लागत से 161 विकास योजनाओं का शिलान्यास

सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने 2005 से पहले की सरकारों पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि उस दौर में बिहार में कानून-व्यवस्था, सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं की हालत बेहद खराब थी. दावा किया कि उनकी सरकार ने बिहार को विकास की नई दिशा दी है और सामाजिक सौहार्द को मजबूत किया है. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने बेतिया जिले के लिए 182 करोड़ रुपये की लागत से 161 विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी किया. कार्यक्रम में दोनों उपमुख्यमंत्री, मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *