पटना। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 76वें गणतंत्र दिवस (Republic Day)के मौके पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने तिरंगा फहराया. इसके बाद, उन्होंने बिहार के लोगों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी और राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की. राज्यपाल ने कहा कि बिहार सरकार ने हर वर्ग के विकास के लिए काम किया है और लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
Republic Day पर भव्य समारोह
मुख्य समारोह में राज्य सरकार के 15 विभागों द्वारा लोकहित की विभिन्न योजनाओं पर आधारित जनोपयोगी झांकियां भी निकाली गई. इन झांकियों ने बिहार में हुए विकास कार्यों को दर्शाया और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित कई मंत्री और विधायक भी मौजूद थे. झंडोतोलन से पहले आईपीएस अधिकारी भानु प्रताप सिंह ने राज्यपाल को परेड की सलामी दी. इस अवसर पर सेना की 20 टुकड़ियों ने शानदार परेड का प्रदर्शन किया, जिसमें विभिन्न रंग-बिरंगे कार्यक्रमों ने समारोह को और भी भव्य बना दिया.
नीतीश कुमार ने सीएम हाउस में तिरंगा फहराया
सीएम नीतीश कुमार ने सीएम हाउस में(Republic Day) तिरंगा फहराया और तिरंगे को सलामी दी. इस मौके पर कई मंत्री और कर्मचारी भी उपस्थित थे. बिहार विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव और बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने भी अपने-अपने कार्यालयों में झंडा फहराया और बिहारवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं.
बीजेपी और आरजेडी कार्यालय में फहराया गया झंडा
इसके अलावा, बीजेपी प्रदेश कार्यालय में बिहार इकाई के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने तिरंगा फहराया, जिसमें बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पार्टी के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे. आरजेडी नेता और हसनपुर विधायक तेज प्रताप यादव ने भी अपने सरकारी आवास 26 एम स्टैंड रोड पर ध्वजारोहण किया और तिरंगे को सलामी दी. इस अवसर पर उनके समर्थक और आरजेडी के कई नेता भी मौजूद थे.
Republic Day : राज्यभर में गणतंत्र दिवस की धूम
पुलिस महानिदेशक विनय कुमार (Republic Day) ने पटेल भवन स्थित बिहार पुलिस मुख्यालय में झंडा फहराया और राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जनता से सहयोग की अपील की. गणतंत्र दिवस के इस मौके पर पटना में भव्य तैयारियां की गई थीं और कई कार्यक्रम आयोजित किए गए, जो राज्य में गणतंत्र दिवस की खुशियां और एकता का संदेश देने में सफल रहे.