Jan Suraj : बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की बड़ी जीत के बाद राजनीतिक समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं. प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज, जो बड़े बदलाव के वादों के साथ पूरे दमखम से चुनाव मैदान में उतरी थी, को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी. चुनावी हार के बाद अब पार्टी में टूट का सिलसिला भी शुरू हो गया है.
आरसीपी सिंह के बदले सुर
भोजपुरी गायक रितेश पांडे के इस्तीफे के बाद अब पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह के बदले सुर ने जन सुराज की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में आरसीपी सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर ऐसा बयान दिया, जिससे सियासी हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है. आरसीपी सिंह ने कहा कि मैं और नीतीश कुमार एक ही हैं. नीतीश कुमार को जितना मैं जानता हूं, उतना उन्हें कोई नहीं जानता. हम 25 साल तक साथ रहे हैं.
बिहार की दूसरी बड़ी खबरें देखने के लिए यहां क्लिक करें
उनके इस बयान के बाद यह साफ संकेत मिल रहे हैं कि वह एक बार फिर नीतीश कुमार के करीब जाने की कोशिश में हैं. जेडीयू में वापसी को लेकर पूछे गए सवाल पर आरसीपी सिंह ने न तो सीधा इनकार किया और न ही पुष्टि की. उन्होंने कहा कि खरमास के बाद सब कुछ आपको पता चल जाएगा. आरसीपी सिंह के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में कयास तेज हो गए हैं कि वह खरमास के बाद जेडीयू में दोबारा शामिल हो सकते हैं. अगर ऐसा होता है तो यह प्रशांत किशोर और उनकी पार्टी जन सुराज के लिए बड़ा झटका माना जाएगा.
रितेश पांडे ने तोड़ा जन सुराज से नाता
गौरतलब है कि आरसीपी सिंह विधानसभा चुनाव के दौरान ही जन सुराज में शामिल हुए थे और पार्टी के बड़े चेहरों में गिने जा रहे थे. वहीं, इससे पहले भोजपुरी गायक रितेश पांडे ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर जन सुराज से इस्तीफे का ऐलान कर दिया था. चुनावी हार के बाद लगातार हो रहे इस्तीफों और नेताओं के बदले रुख से यह साफ हो रहा है कि जन सुराज इस वक्त सबसे मुश्किल दौर से गुजर रही है. आने वाले दिनों में पार्टी को और झटके लग सकते हैं. ये भी पढ़ें : भारत रत्न की मांग से घबरा क्यों गए नीतीश कुमार..?