धृतराष्ट्र और दुर्योधन से लालू-तेजस्वी की तुलना…शिक्षा बजट पर चर्चा के दौरान मैथिली ठाकुर के बयान से सियासी तकरार

Maithili Thakur : बिहार विधानसभा में गुरुवार को शिक्षा बजट पर चर्चा के दौरान राजनीतिक बयानबाज़ी ने नया मोड़ ले लिया. अलीनगर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) विधायक मैथिली ठाकुर ने अपने भाषण में राष्ट्रीय जनता दल पर निशाना साधते हुए महाभारत के पात्रों का उल्लेख किया, जिससे सदन में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली.

धृतराष्ट्र से लालू प्रसाद यादव की तुलना

विधानसभा में अपने संबोधन के दौरान उन्होंने 2005 से पहले के शासनकाल की तुलना महाभारत कालीन हस्तिनापुर से की. उन्होंने कहा कि उस दौर में राज्यहित की बजाय परिवारवाद को प्राथमिकता दी गई. इस संदर्भ में उन्होंने लालू प्रसाद यादव की तुलना धृतराष्ट्र से और तेजस्वी यादव की तुलना दुर्योधन से की. उनके इस बयान पर विपक्षी सदस्यों ने कड़ी आपत्ति जताई और सदन में कुछ समय के लिए हंगामे की स्थिति बन गई. मैथिली ठाकुर ने अपने वक्तव्य में कहा कि 2005 से पहले राज्य में कानून-व्यवस्था और शिक्षा व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक थी. उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय बेटियों की शिक्षा और शिक्षकों के वेतन जैसे मुद्दे उपेक्षित थे.

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व की सराहना

अपने भाषण के दूसरे हिस्से में उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व की सराहना की. उन्होंने 2005 के बाद के शासनकाल को सुशासन का दौर बताते हुए इसकी तुलना महाभारत के धर्मराज युधिष्ठिर के शासन से की. उनके अनुसार, इस अवधि में शिक्षा, कानून-व्यवस्था और आधारभूत संरचना में सुधार हुआ है. सदन में दिए गए इस भाषण के बाद राजनीतिक हलकों और सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *