NEET Rape Case : पटना के गर्ल्स हॉस्टल में रह रही NEET की छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में जांच तेज हो गई है. रविवार को गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने मामले की कड़ियों को जोड़ने के लिए प्रभात मेमोरियल हॉस्पिटल में छापेमारीनुमा कार्रवाई की. SIT की टीम करीब दो घंटे तक अस्पताल में मौजूद रही और इलाज से जुड़े डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ व प्रशासनिक अधिकारियों से गहन पूछताछ की. इस दौरान छात्रा के इलाज से संबंधित मेडिकल रिकॉर्ड, भर्ती फाइल, जांच रिपोर्ट और अन्य अहम दस्तावेज जब्त किए गए हैं.
छात्रा की मेडिकल हिस्ट्री खंगाल रही SIT
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक टीम छात्रा की पूरी मेडिकल हिस्ट्री खंगाल रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उसकी तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में किस तरह का इलाज दिया गया और क्या किसी स्तर पर लापरवाही हुई. जांच एजेंसियां पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और हॉस्टल के स्टाफ से मिले इनपुट के आधार पर घटनाक्रम को री-कंस्ट्रक्ट कर रही हैं.
ये भी पढ़ें : पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली पुलिस और शंभू गर्ल्स हॉस्टल की पोल..!
पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. मामले को लेकर परिजनों में आक्रोश है और वे निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं. SIT की अगली कार्रवाई जल्द ही हॉस्टल प्रबंधन और कोचिंग संस्थान पर भी हो सकती है.
सोर्स : मीडिया रिपोर्ट