राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार पटना पहुंचेंगे नितिन नवीन, बीजेपी का शक्ति प्रदर्शन

Nitin nabin : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन मंगलवार को पहली बार दिल्ली से अपने गृह शहर पटना पहुंचेंगे। उनके स्वागत को लेकर भाजपा संगठन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार को दिनभर पार्टी के नेता और कार्यकर्ता कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे रहे।

रोड शो और अभिनंदन समारोह की तैयारी पूरी

नितिन नवीन मंगलवार दोपहर 12.30 बजे पटना एयरपोर्ट पर उतरेंगे। एयरपोर्ट से शेखपुरा मोड़, हाईकोर्ट, आयकर गोलंबर होते हुए वह मिलर हाई स्कूल मैदान पहुंचेंगे। इस दौरान उनका भव्य रोड शो आयोजित किया जाएगा। मिलर हाई स्कूल मैदान में भाजपा की ओर से अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया है, जहां पार्टी के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहेंगे। एयरपोर्ट पर भी उनके स्वागत की विशेष व्यवस्था की गई है।कार्यक्रम के बाद नितिन नवीन शाम चार बजे लोकभवन जाकर राज्यपाल से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी के सांसदों, विधायकों, विधान पार्षदों और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे, जिसमें संगठनात्मक और राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

पटना में जारी ट्रैफिक एडवाइजरी

उधर, नितिन नवीन के रोड शो को देखते हुए पटना शहर में मंगलवार को यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। यातायात पुलिस के अनुसार, दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक पटना एयरपोर्ट से नेहरू पथ होते हुए वीरचंद पटेल पथ तक सामान्य वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। हालांकि अग्निशमन वाहन, एंबुलेंस, शव वाहन, मरीजों के वाहन और न्यायिक कार्य से जुड़े वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि नितिन नवीन का यह दौरा संगठन के लिए उत्साहवर्धक है और इससे पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *