Bihar news : Patna University छात्र संघ चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं. इस बार चुनाव में कांग्रेस की छात्र इकाई National Students Union of India (NSUI) का दबदबा देखने को मिला. केंद्रीय पैनल के पांच प्रमुख पदों में से अध्यक्ष और महासचिव पद पर NSUI ने जीत दर्ज की है.
अध्यक्ष और महासचिव पद पर NSUI का परचम
अध्यक्ष पद पर NSUI के शांतनु शेखर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जेडीयू के प्रिंस कुमार को 950 वोटों के बड़े अंतर से हराया. इस जीत के साथ विश्वविद्यालय की राजनीति में NSUI की मजबूत उपस्थिति दर्ज हुई है. महासचिव पद पर भी NSUI का परचम लहराया. NSUI की उम्मीदवार खुशी को 2164 मत प्राप्त हुए, जबकि छात्र राजद के प्रत्युष राज 1611 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे. महासचिव पद के लिए NSUI और छात्र राजद के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली.
ABVP को भी मिली सफलता
संयुक्त सचिव पद पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (Akhil Bharatiya Vidyarthi Parishad – ABVP) ने जीत हासिल की. ABVP के अभिषेक कुमार ने NSUI के मनौवर आजम को 422 वोटों से पराजित किया. इसके अलावा कोषाध्यक्ष पद पर भी ABVP ने कब्जा जमाया. ABVP के हर्षवर्धन को विश्वविद्यालय का नया कोषाध्यक्ष चुना गया है. उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार उमड़ सिफत फैज ने 71 वोटों के मामूली अंतर से जीत दर्ज की. सिफत फैज को 1568 मत मिले, जबकि छात्र जेडीयू के आयुष हर्ष को 1497 वोट प्राप्त हुए. उपाध्यक्ष पद की इस करीबी मुकाबले में छात्र जेडीयू दूसरे स्थान पर रहा.
जेडीयू, राजद और वाम दलों को नहीं मिली सफलता
कुल मिलाकर, केंद्रीय पैनल के पांच पदों में अध्यक्ष और महासचिव पद NSUI के खाते में गए, जबकि संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष पद पर ABVP ने जीत दर्ज की. उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार का दबदबा रहा. छात्र जेडीयू, छात्र राजद और वाम दलों की छात्र इकाई आइसा सहित अन्य संगठनों को इस चुनाव में सफलता नहीं मिल सकी.