समय की नजाकत को समझ रहे निशांत कुमार…जदयू द्वारा सम्राट चौधरी सरकार को पूर्ण समर्थन का क्या है राजनीतिक मायने

JDU politics : बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं और नए राजनीतिक समीकरण बनते नजर आ रहे हैं. पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बड़ा भाई बताते हुए नई सरकार को अपना और अपने पिता का पूर्ण समर्थन देने की बात कही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि वे सभी मिलकर नई सरकार के नेतृत्व में काम करेंगे.

सरकार से दूरी की क्या है वजह

गुरुवार को निशांत कुमार पहली बार जदयू के प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया और एक महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की. उन्होंने कहा कि वे और उनके पिता नई सरकार के साथ मजबूती से खड़े हैं. हालांकि, राजनीतिक हलकों में चर्चा इससे आगे भी बढ़ रही है. सरकार गठन के बाद यह पहला मौका था जब निशांत कुमार संगठन के बीच सक्रिय रूप से दिखाई दिए. पहले उनके उपमुख्यमंत्री बनने की अटकलें थीं, लेकिन उन्होंने इस पद को स्वीकार करने से इनकार कर दिया. इसके बाद बिजेंद्र यादव को उपमुख्यमंत्री बनाया गया. सूत्रों के अनुसार निशांत कुमार ने यह कहकर सत्ता में पद लेने से दूरी बनाई कि वे पहले विधायक बनकर जनता के बीच से नेतृत्व करना चाहते हैं. इससे संकेत मिलता है कि वे चुने हुए नेता के रूप में राजनीति में अपनी पहचान बनाना चाहते हैं, न कि नियुक्त पद पर.

जदयू का संगठनात्मक ढांचा अब भी मजबूत

अपने संबोधन में निशांत कुमार ने स्पष्ट किया कि वे अब सक्रिय राजनीति में भूमिका निभाएंगे. उन्होंने कहा कि वे जनता के बीच जाएंगे, पार्टी संगठन को मजबूत करेंगे और अपने पिता के अधूरे सपनों को आगे बढ़ाएंगे. इसे उनके राजनीतिक भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बिहार में भले ही वर्तमान में बीजेपी प्रमुख भूमिका में हो, लेकिन जदयू का संगठनात्मक ढांचा अब भी मजबूत है और राज्य की 243 विधानसभा सीटों पर उसका प्रभाव बना हुआ है. ऐसे में निशांत कुमार की सक्रियता पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए एक नए उत्साह और पुनर्जीवन का संकेत हो सकती है.

राजनीतिक रणनीति का हिस्सा

विशेषज्ञ यह भी मानते हैं कि उपमुख्यमंत्री पद ठुकराने का फैसला निशांत कुमार की दीर्घकालिक राजनीतिक रणनीति का हिस्सा हो सकता है. इससे उन्हें जमीनी स्तर पर काम करने और जनता के बीच अपनी छवि मजबूत करने का अवसर मिलेगा, साथ ही भावनात्मक समर्थन भी हासिल हो सकता है. निशांत कुमार का यह बयान केवल औपचारिक समर्थन तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे जदयू की एक सॉफ्ट रणनीति के रूप में देखा जा रहा है. इससे एक ओर सरकार की स्थिरता का संदेश गया है, वहीं दूसरी ओर निशांत को राजनीति को समझने और खुद को स्थापित करने का समय भी मिलेगा.

अपनी जमीन मजबूत करने में जुटी है जदयू

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे नीतीश कुमार के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएं और संगठन को और मजबूत करें. उनके आगमन पर जदयू कार्यालय में उत्साह का माहौल देखा गया, जहां विभिन्न जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया. बिहार की राजनीति में यह स्पष्ट संकेत है कि सत्ता परिवर्तन के बावजूद जदयू अपनी जमीन मजबूत करने में जुटी हुई है. यदि निशांत कुमार सक्रिय राजनीति में पूरी तरह उतरते हैं, तो आने वाले समय में राज्य की राजनीति में एक नया अध्याय देखने को मिल सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *