Pappu yadav news : पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद शिवानंद तिवारी ने इस कार्रवाई पर सोशल मीडिया के जरिए कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने पप्पू यादव को बिहार की राजनीति का अनोखा और विशिष्ट व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि उनकी अचानक हुई गिरफ्तारी न्याय व्यवस्था और पुलिस तंत्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है.
जनता के बीच रहने वाले नेता हैं पप्पू यादव !
अपने पोस्ट में शिवानंद तिवारी ने पप्पू यादव के राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए लिखा कि वे देश के उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने तीन बार निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीतने की उपलब्धि हासिल की है. उन्होंने याद दिलाया कि पप्पू यादव अब तक छह बार लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं और अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत भी उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर विधानसभा चुनाव जीतकर की थी. राजद नेता ने पप्पू यादव की सक्रिय राजनीति का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व उनकी लगातार जमीनी मौजूदगी के लिए जाना जाता है. तिवारी ने लिखा कि सुबह किसी और इलाके में, शाम को किसी दूसरे क्षेत्र में, वह लगातार जनता के बीच दिखाई देते हैं.
उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान पप्पू यादव की भूमिका को भी याद किया. शिवानंद तिवारी के मुताबिक, जब सरकारी तंत्र मृत्यु के वास्तविक आंकड़ों को सार्वजनिक करने से बच रहा था, तब पप्पू यादव बिना किसी डर के श्मशान घाटों पर खड़े होकर सच्चाई सामने ला रहे थे. वहीं, पटना के कंकड़बाग इलाके में जलजमाव की स्थिति के दौरान भी वे कमर तक पानी में उतरकर लोगों तक पीने का पानी पहुंचाते नजर आए थे.
पुरानी फाइलों पर अचानक कार्रवाई का आरोप
शिवानंद तिवारी ने पप्पू यादव की गिरफ्तारी को अचानक करार देते हुए कहा कि यह बेहद निराशाजनक है. उन्होंने आरोप लगाया कि भारत की न्याय व्यवस्था की सबसे बड़ी विडंबना यह है कि 25–30 साल पुराने मुकदमे वर्षों तक अनिश्चितकाल तक चलते रहते हैं और फिर एक दिन अचानक गिरफ्तारी कर ली जाती है. उन्होंने लिखा कि कई मामलों में कागजों पर यह दर्ज होता है कि आरोपी को समन जारी किया गया, लेकिन वह समन संबंधित व्यक्ति तक कभी पहुंचता ही नहीं. इसके बाद पुलिस अचानक वारंट लेकर पहुंच जाती है. तिवारी ने दावा किया कि इस तरह का अनुभव उन्होंने स्वयं भी झेला है.
न्यायपालिका और पुलिस तंत्र पर सवाल
राजद के वरिष्ठ नेता ने पप्पू यादव की गिरफ्तारी को न्यायपालिका और पुलिस तंत्र की कार्यप्रणाली पर एक बड़ा सवाल बताया. हालांकि उन्होंने उम्मीद जताई कि पप्पू यादव को जल्द ही जमानत मिल जाएगी, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि यह घटना देश की कानून व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को उजागर करती है. शिवानंद तिवारी के इस बयान के बाद पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक घमासान और बढ़ने के आसार हैं.