नीतीश मॉडल से कितना अलग है सम्राट चौधरी का सुशासन..? बिहार में कानून व्यवस्था पर क्यों हो रही बहस

Bihar crime news : राजनीतिक जानकारों का दावा है कि सम्राट चौधरी नीतीश की मर्जी से बिहार के मुखिया हैं. लेकिन राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद जैसी तस्वीरें आ रही हैं वो अलग ही वयार पेश कर रहा है.अब लखीसराय में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने जो संकेत दिए उसको लेकर भी कुछ ऐसी ही चर्चा हैं. ललन सिंह ने एक बार फिर से दोहाराया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पसंद हैं और वे उन्हीं की नीतियों तथा विकास मॉडल पर बिहार को आगे बढ़ाएंगे.

सम्राट चौधरी का मॉडल नीतीश कुमार से अलग

लखीसराय में ललन सिंह के बयान के बाद से बिहार की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बयान जेडीयू कार्यकर्ताओं और नेताओं को यह संदेश देने की कोशिश भी हो सकती है कि सरकार में अब भी नीतीश कुमार की ही राजनीतिक सोच प्रभावी है. हालांकि कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सम्राट चौधरी की कार्यशैली को लेकर अलग तस्वीर सामने आ रही है. कई राजनीतिक पर्यवेक्षकों का कहना है कि अपराध नियंत्रण को लेकर सम्राट चौधरी का रवैया नीतीश कुमार के लंबे शासनकाल से काफी अलग दिखाई दे रहा है.

जीरो टॉलरेंस और तेज पुलिस कार्रवाई पर जोर

हाल के महीनों में बिहार में अपराध के मामलों पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है. सम्राट चौधरी लगातार यह संदेश दे रहे हैं कि अपराध के खिलाफ सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है. गांधी मैदान में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि पुलिस को अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पूरी छूट दी गई है. राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार नीतीश कुमार के शासनकाल में कानून व्यवस्था सुधारने के लिए बड़े पैमाने पर गिरफ्तारी और न्यायिक कार्रवाई पर जोर था, जबकि वर्तमान मॉडल में त्वरित पुलिस एक्शन और अपराधियों में भय पैदा करने की रणनीति अधिक दिखाई दे रही है.

2005-2010 के दौर का संदर्भ

बिहार में 2005 से 2010 के बीच के दौर को अक्सर कानून व्यवस्था सुधार के शुरुआती चरण के रूप में देखा जाता है. उस समय बड़ी संख्या में अपराधियों की गिरफ्तारी हुई थी. सरकारी आंकड़ों के अनुसार, उस अवधि में 52 हजार से अधिक अपराधियों को जेल भेजा गया और कई मामलों में सजा भी हुई. विश्लेषकों का कहना है कि उस समय अपराध के ग्राफ में गिरावट देखने को मिली थी. हालांकि बाद के वर्षों में कई आरोपी जमानत पर बाहर आ गए, जिसके कारण अपराध नियंत्रण की चुनौती फिर बढ़ी.

क्या है कानून व्यवस्था में सम्राट मॉडल

सम्राट चौधरी के गृह विभाग संभालने के बाद बिहार पुलिस की कार्रवाई का तरीका अधिक आक्रामक माना जा रहा है. नवंबर 2025 से लेकर 2026 के शुरुआती महीनों तक कई पुलिस मुठभेड़ें हुई हैं. जनवरी से अप्रैल 2026 के बीच बिहार में 12 से अधिक एनकाउंटर होने की चर्चा है, जिनमें कई अपराधी मारे गए जबकि कई घायल हुए. पुलिस सूत्रों के अनुसार हाल के समय में अपराधियों को पकड़ने के दौरान पैर में गोली मारने की रणनीति को लेकर ऑपरेशन लंगड़ा शब्द भी चर्चा में आया है. हालांकि इस पर आधिकारिक स्तर पर कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है. सरकार का दावा है कि अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई से पुलिस का मनोबल बढ़ा है और अपराधियों में भय का माहौल बना है.

अपराध के आंकड़े क्या कहते हैं?

बिहार पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले वर्षों में कई गंभीर अपराधों में कमी दर्ज की गई है. मीडिया रिपोर्ट की मानें तो डीजीपी विनय कुमार ने हाल ही में दावा किया कि हत्या के मामलों में लगभग 8% की कमी आई है. बलात्कार के मामलों में 8.2% की कमी दर्ज हुई है. डकैती में 26.9% की गिरावट आई है. लूट की घटनाओं में 21.5% कमी हुई है.बैंक डकैती के मामलों में लगभग 80% की कमी दर्ज की गई है. इसके अलावा, वर्ष 2000 में जहां डकैती के लगभग 1200 मामले दर्ज हुए थे, वहीं 2025 तक यह संख्या घटकर करीब 174 रह गई.

एनकाउंटर नीति पर सवाल भी

हालांकि पुलिस की सख्त कार्रवाई को लेकर आम लोगों का समर्थन मिल रहा है, लेकिन विपक्ष एनकाउंटर नीति पर सवाल भी उठ रहा है. मानवाधिकार संगठनों और कुछ राजनीतिक दलों का कहना है कि कानून के शासन में न्यायिक प्रक्रिया सर्वोपरि होनी चाहिए और फर्जी मुठभेड़ों की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. विशेषज्ञों का मानना है कि यदि पुलिस कार्रवाई पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत और पारदर्शिता के साथ होती है, तो इससे अपराधियों में भय पैदा हो सकता है. लेकिन किसी भी कार्रवाई की निष्पक्ष जांच जरूरी है ताकि निर्दोष लोगों को नुकसान न पहुंचे.

क्या यह योगी मॉडल से प्रभावित है?

बिहार की राजनीति में यह भी चर्चा शुरू हो गई है कि क्या सम्राट चौधरी की कानून व्यवस्था नीति उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मॉडल से प्रभावित है. हालांकि सरकार की ओर से इस तरह की तुलना पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है. राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि अभी सम्राट चौधरी की कार्यशैली का आकलन करना जल्दबाजी होगी, क्योंकि उन्हें गृह विभाग संभाले ज्यादा समय नहीं हुआ है. आने वाले महीनों में अपराध के आंकड़े और कानून व्यवस्था की स्थिति ही तय करेगी कि यह मॉडल कितना प्रभावी साबित होता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *