बिहार में अगले तीन दिन भारी आंधी-बारिश और ठनका गिरने की चेतावनी…मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Bihar weather Update : बिहार में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश, तूफान और मेघ गर्जन की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है. यह खराब मौसम 28 मार्च से लेकर अगले तीन दिनों (28–30 मार्च) तक जारी रह सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. साथ ही कई इलाकों में ठनका (आकाशीय बिजली) गिरने का भी खतरा है, जिससे जान-माल का नुकसान होने की आशंका जताई गई है.

तेज बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम में बदलाव

राज्य के कई जिलों को येलो अलर्ट जोन में रखा गया है. इन जिलों में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर (भभुआ), औरंगाबाद, गया, जहानाबाद, अरवल, पटना, वैशाली, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, बेगूसराय, सहरसा, खगड़िया, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, नवादा, जमुई और मधेपुरा शामिल हैं. इन क्षेत्रों में तेज बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम बिगड़ने की संभावना है. वहीं सुपौल, अररिया, किशनगंज, कटिहार, भागलपुर और बांका जिलों को ऑरेंज अलर्ट में रखा गया है. इन इलाकों में मौसम का असर अधिक गंभीर हो सकता है.

क्यों बिगड़ रहा है मौसम?

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से राज्य में मौसम का मिजाज बदल रहा है. खासकर कोसी, सीमांचल, पूर्वी और उत्तर बिहार के इलाकों में इसका ज्यादा प्रभाव देखने को मिल सकता है.

किसानों के लिए चिंता

पिछले बार ऐसे ही मौसम बदलाव के दौरान तेज आंधी और बारिश ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया था. गेहूं, लीची और आलू की फसलें बर्बाद हो गई थीं. इस बार भी ऐसी आशंका जताई जा रही है. मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले मौसम की जानकारी जरूर लें. तेज हवा और बारिश के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें. राज्य में अगले तीन दिनों तक मौसम को लेकर सतर्क रहने की आवश्यकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *