दिन में तेज धूप और रात में ठंड…बिहार में फरवरी में ही बढ़ने लगी गर्मी, जानें कैसा रहेगा आज का मौसम

Bihar Weather Update : फरवरी खत्म होने से पहले ही बिहार के मौसम ने अप्रत्याशित करवट ले ली है। दिन में तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है, जबकि रात में अब भी हल्की ठंडक महसूस की जा रही है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को दिन में पंखा और रात में कंबल का सहारा लेना पड़ रहा है। राजधानी पटना समेत राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। मोतिहारी में तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नौ जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से ऊपर रहा, जबकि अन्य जिलों में यह 28 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

कई हिस्सों में तेजी से बढ़ रहा दिन का तापमान

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल किसी भी जिले में हीटवेव या अन्य मौसम संबंधी अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि अनुमान है कि राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा, जिससे गर्मी का असर और बढ़ सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह स्थिति प्री-समर ट्रांजिशन फेज का संकेत है। इस दौरान सर्दी तेजी से विदा लेती है और गर्मी की शुरुआत होती है। बिहार के दक्षिण और मध्य हिस्सों में दिन का तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जबकि रात का न्यूनतम तापमान भी बढ़ रहा है, लेकिन ठंडक पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। इसी वजह से दिन और रात के तापमान में उल्लेखनीय अंतर महसूस किया जा रहा है। राजधानी पटना में आज मौसम साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम का बदला मिजाज

बारिश को लेकर फिलहाल बिहार में कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। देश के कुछ अन्य राज्यों में वर्षा की संभावना जताई गई है, लेकिन बिहार में मार्च की शुरुआत से गर्मी का असर और तेज होने का अनुमान है। यदि यही रुझान जारी रहा तो इस वर्ष सामान्य से पहले गर्मी पड़ सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि जलवायु परिवर्तन के कारण मौसम के पैटर्न में इस तरह के उतार-चढ़ाव अब सामान्य होते जा रहे हैं। फिलहाल प्रदेश में मौसम का बदला मिजाज लोगों के लिए असमंजस की स्थिति पैदा कर रहा है। आने वाले दिनों में तापमान किस दिशा में जाएगा, इस पर सबकी नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *