बिहार में 14 मार्च से बदलेगा मौसम…कई जिलों में बारिश की संभावना, 15–16 मार्च को येलो अलर्ट

Bihar weather : बिहार में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है. गर्मी का असर बढ़ने के बीच मौसम विभाग ने राज्य के कई इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है. विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में कुछ जिलों में बादल छाने के साथ बारिश, तेज हवा और आंधी-बिजली की स्थिति बन सकती है. कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है.

पिछले 24 घंटे का मौसम

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान बिहार के अधिकांश हिस्सों में मौसम सामान्य बना रहा. हालांकि पश्चिमी चंपारण जिले के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई. इस दौरान राज्य का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि सबसे अधिक तापमान अररिया में दर्ज किया गया. वहीं न्यूनतम तापमान 19 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. पटना, शेखपुरा और मधुबनी जिलों में करीब 22 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलीं.

आज 12 मार्च का मौसम कैसा रहेगा

12 मार्च को राज्य में मौसम सामान्य रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने आज के लिए किसी भी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की है. साथ ही आज किसी भी जिले में बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार 14 मार्च से राज्य के कुछ जिलों में बारिश की संभावना बन रही है. जिन जिलों में बारिश होने के आसार हैं उनमें सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा शामिल हैं. हालांकि इस दिन आंधी-तूफान को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है.

15 और 16 मार्च को येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने 15 और 16 मार्च के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान उत्तर-पूर्व और उत्तर-मध्य बिहार के कुछ जिलों में तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान और बारिश की संभावना जताई गई है. 15 मार्च को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव से तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *