Bihar Police News : बिहार में अपराध और अपराधियों पर शिकंजा कसने की दिशा में राज्य की पुलिस द्वारा एक बड़ा कदम उठाया गया है। बिहार पुलिस अब सीधे केंद्रीय एजेंसियों और देश के अन्य राज्यों की पुलिस से जुड़ गई है। यह संभव हुआ है क्राइम मल्टी एजेंसी सेंटर (क्रिमैक) के माध्यम से, जो एक अत्याधुनिक डिजिटल पोर्टल है। इस पोर्टल को राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) ने विकसित किया है।
क्या है Cri-MAC पोर्टल
इस नई व्यवस्था के तहत बिहार में होने वाले अपराध, अपराधियों की गतिविधियों, हाई अलर्ट घटनाओं और अन्य राज्यों की कार्रवाई से जुड़ी सूचनाएं अब रियल टाइम में साझा की जा सकेंगी। इसी तरह बिहार से भेजी जाने वाली जानकारी भी तुरंत देशभर की संबंधित एजेंसियों तक पहुंचेगी। अधिकारियों का मानना है कि इससे उन अपराधियों को पकड़ना आसान होगा, जो बिहार में वारदात को अंजाम देकर दूसरे राज्यों में छिप जाते थे। क्रिमैक पोर्टल से देश के विभिन्न राज्यों की पुलिस, केंद्रीय जांच एजेंसियां और अन्य महत्वपूर्ण संस्थाएं पहले से जुड़ी हुई हैं। अब बिहार भी इस नेटवर्क का सक्रिय हिस्सा बन गया है।
अब किसी भी थाने में दर्ज की जा सकेगी FIR
प्लेटफॉर्म की विशेषता यह है कि किसी भी अपराध या संदिग्ध गतिविधि की सूचना एक क्लिक में संबंधित अधिकारियों तक मैसेज और ईमेल के जरिए पहुंचाई जा सकती है। एफआईआर की जानकारी, गिरफ्तारी, रिहाई, जांच की प्रगति और नए मामलों का अपडेट लगातार उपलब्ध रहता है। जीरो एफआईआर की व्यवस्था को भी इस सिस्टम से जोड़ा गया है। अब घटना कहीं भी हुई हो, किसी भी थाने में एफआईआर दर्ज की जा सकती है और बाद में उसे संबंधित थाने में ट्रांसफर किया जाता है। यह प्रक्रिया अब क्रिमैक के माध्यम से तेज और पारदर्शी हो गई है, जिससे एफआईआर ट्रांसफर में देरी की संभावना कम हो गई है और जांच तुरंत शुरू हो सकती है।
डिजिटल पहल से अपराधियों की गतिविधियों पर नियंत्रण
मानव तस्करी, शराब तस्करी, साइबर फ्रॉड और अंतरराज्यीय गैंग से जुड़े मामलों में यह प्लेटफॉर्म विशेष रूप से प्रभावी साबित होने की उम्मीद है। फरार अपराधियों की गतिविधियों और नई गिरफ्तारियों की जानकारी तुरंत साझा होने से पुलिस की कार्रवाई अधिक सटीक और त्वरित होगी। सुरक्षा के लिहाज से यह पोर्टल पूरी तरह सुरक्षित सरकारी नेटवर्क पर आधारित है और केवल अधिकृत अधिकारियों को ही इसकी पहुंच प्राप्त है। डाटा एन्क्रिप्टेड और संरक्षित वातावरण में साझा किया जाता है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस डिजिटल पहल से न केवल जांच की गति तेज होगी, बल्कि अपराधियों की गतिविधियों पर भी प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा। कुल मिलाकर, क्रिमैक से जुड़ने के बाद बिहार की पुलिसिंग व्यवस्था अधिक आधुनिक, तेज और तकनीक आधारित हो गई है।