पटना। केंद्रीय बजट 2025 (Budget 2025) से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को महत्वपूर्ण संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि जब भारत 2047 में अपनी आजादी के 100 साल पूरे करेगा, तब वह एक विकसित राष्ट्र बन चुका होगा. उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी बजट देश में नया विश्वास पैदा करेगा और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को मजबूती देगा.
बजट सत्र की शुरुआत, 1 फरवरी को पेश होगा पूर्ण बजट
आज से देश में बजट सत्र (Budget Session) की शुरुआत हो रही है और कल, 1 फरवरी 2025 को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आम बजट 2025 पेश करेंगी. प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर मां लक्ष्मी को प्रणाम करते हुए कहा कि देश की जनता ने उन्हें तीसरी बार सेवा का दायित्व सौंपा है और यह उनकी तीसरी सरकार का पहला पूर्ण बजट होगा. उन्होंने आश्वस्त किया कि यह बजट गरीबों और मध्यम वर्ग के लिए शुभ साबित होगा.
2047 के दृष्टिकोण पर आधारित होगा बजट
पीएम मोदी ने कहा कि यह बजट 2047 तक भारत को विकसित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा. उन्होंने कहा, “हम मिशन मोड में हैं और सर्वांगीण विकास की ओर आगे बढ़ रहे हैं. इस बजट में आने वाले 25 वर्षों के लिए भारत के समृद्ध भविष्य की झलक मिलेगी.
Budget 2025 : नारी शक्ति को मिलेगा बड़ा स्थान
प्रधानमंत्री मोदी ने इशारा किया कि इस बार के बजट में महिलाओं को विशेष प्राथमिकता दी जा सकती है. उन्होंने कहा कि हर नारी को सम्मान और समान अधिकार मिलना जरूरी है, और इस दिशा में सरकार कई महत्वपूर्ण फैसले लेगी. मोदी ने कहा कि हमें नारी शक्ति के गौरव को स्थापित करना है, और इस बजट सत्र में उनके उत्थान के लिए कई बड़े कदम उठाए जाएंगे.
Budget 2025 : युवा शक्ति और रिफॉर्म्स पर जोर
प्रधानमंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि भारत की युवा शक्ति देश के विकास (Budget 2025) का सबसे बड़ा आधार बनेगी. उन्होंने कहा कि जो युवा आज 20-25 साल के हैं, जब वे 2047 में 45-50 साल के होंगे, तो वे विकसित भारत के सबसे बड़े लाभार्थी बनेंगे. इसके लिए सरकार रिफॉर्म्स और जनभागीदारी को अहम मान रही है, जिससे देश में तेज गति से बदलाव आएगा.
मिशन मोड में सरकार, ऐतिहासिक होगा बजट
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि यह बजट ऐतिहासिक साबित होगा और देश में नया विश्वास पैदा करेगा. उन्होंने कहा कि अगले 25 साल के लिए हमारा लक्ष्य समृद्ध भारत है, जो संकल्प से सिद्धि और सिद्धि से शिखर तक पहुंचेगा.
संसद सत्र से पहले विदेशी हस्तक्षेप न होने पर जताई संतुष्टि
अपने संबोधन (Budget 2025) के अंत में पीएम मोदी ने कहा कि इस बार संसद सत्र शुरू होने से पहले कोई विदेशी हस्तक्षेप या साजिश देखने को नहीं मिली. उन्होंने कहा कि 2014 के बाद से हर संसद सत्र से पहले किसी न किसी विदेशी षड्यंत्र को हवा देने की कोशिश की जाती रही है, लेकिन इस बार ऐसा कुछ नहीं हुआ, जिससे देश के विकास पर ध्यान केंद्रित करना संभव होगा. अब सबकी नजरें 1 फरवरी 2025 को पेश होने वाले बजट पर टिकी हैं, जिससे देश की आर्थिक दिशा का रोडमैप तय होगा.