Bihar Crime : बिहार की राजधानी पटना में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है. ताजा मामला नदी थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां सोमवार देर रात सड़क किनारे एक नाबालिग बच्चे का कटा हुआ सिर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग दहशत में आ गए और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
शव के अन्य हिस्सों की तलाश जारी
जानकारी के अनुसार सड़क पर पड़े कटे हुए सिर को देखकर ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची नदी थाना पुलिस ने सिर को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और जांच के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है. घटना की भयावहता को देखते हुए स्थानीय नागरिकों ने आशंका जताई है कि यह मामला नरबलि से भी जुड़ा हो सकता है. हालांकि पुलिस ने फिलहाल किसी भी तरह की पुष्टि से इनकार किया है और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है. नदी थाना के अपर थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि बच्चे की हत्या किसी तेज धारदार हथियार से की गई है. उन्होंने कहा कि जिस स्थान से कटा हुआ सिर बरामद हुआ है, उसके आसपास के इलाके की गहन तलाशी ली जा रही है. शव के अन्य हिस्सों की भी तलाश की जा रही है.
क्राइम की दूसरी बड़ी खबरें जानने के लिए यहां क्लिक करें
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और थाने में दर्ज लापता बच्चों की सूची से मिलान किया जा रहा है ताकि मृतक की पहचान हो सके. इसके साथ ही मनोवैज्ञानिक तरीके से जांच के लिए विशेष टीम को भी बुलाया गया है. फिलहाल मृत बच्चे की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस का कहना है कि मामले में हर बिंदु पर गहराई से तहकीकात की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा. इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग राजधानी में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं.
सोर्स : मीडिया रिपोर्ट