प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने की पति की हत्या… वुड ग्राइंडर से किए शव के टुकड़े, यूपी में रिश्ते का खौफनाक अंत

UP crime news : उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी. हत्या के बाद शव को पहचान से बचाने के लिए आरोपी महिला और उसके प्रेमी ने शव के कई टुकड़े किए और उन्हें अलग-अलग जगहों पर ठिकाने लगा दिया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का सनसनीखेज खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 38 वर्षीय राहुल के रूप में हुई है. उसकी पत्नी रूबी ने 18 नवंबर को थाने में पति के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी. रूबी ने पुलिस को बताया था कि राहुल घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी.

नाले से बरामद हुआ क्षत-विक्षत शव

15 दिसंबर को पुलिस को ईदगाह क्षेत्र के पास एक नाले से एक क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ. शव के हाथ, पैर और सिर गायब थे, जिससे पहचान करना मुश्किल हो रहा था. हालांकि, शव पर लिखे नाम और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस को शक हुआ कि यह शव लापता राहुल का ही हो सकता है. राहुल का मोबाइल फोन भी 18 नवंबर से बंद मिला. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने राहुल की पत्नी रूबी से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. रूबी ने बताया कि उसका गौरव नामक युवक के साथ अवैध संबंध था. राहुल को इस रिश्ते की जानकारी हो गई थी और इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था. रूबी ने पुलिस को बताया कि 18 नवंबर को राहुल ने उसे और उसके प्रेमी को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था. इसके बाद दोनों ने मिलकर राहुल की हत्या की साजिश रच डाली.

लोहे की रॉड से हमला, फिर ग्राइंडर से किए टुकड़े

पुलिस के अनुसार, रूबी और गौरव ने राहुल पर लोहे की रॉड और मूसल से हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए दोनों आरोपी वुड ग्राइंडर लेकर आए और शव के कई टुकड़े कर दिए. हत्या के बाद शव का एक हिस्सा नाले में फेंक दिया गया, जबकि बाकी हिस्सों को राजघाट ले जाकर गंगा नदी में बहा दिया गया.

हत्या में इस्तेमाल सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वुड ग्राइंडर, लोहे का हथौड़ा और अन्य औजार बरामद कर लिए हैं, जिनका इस्तेमाल हत्या और शव को काटने में किया गया था. मृतक की पहचान की पुष्टि के लिए डीएनए सैंपल सुरक्षित रखे गए हैं. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और उनसे आगे की पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *