नई दिल्ली। संसद में बजट सत्र के तीसरे दिन सोमवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi Parliament Speech) ने 40 मिनट तक सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए. इस दौरान उन्होंने बेरोजगारी, मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर, वोटर डेटा में गड़बड़ी, चीनी घुसपैठ और भाजपा की विचारधारा जैसे मुद्दों पर केंद्र सरकार को आड़े हाथ लिया.
सांसद में राहुल गांधी ने क्या कुछ कहा…
राहुल गांधी (Rahul Gandhi ) ने कहा कि राष्ट्रपति का भाषण पिछले कई सालों से एक जैसा ही रहा है, लेकिन अगर वे देश की सच्चाई बयान करतीं, तो उनका संबोधन अलग होता. उन्होंने खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आलोचक नहीं, बल्कि एक सच्चाई दिखाने वाला बताया.
बेरोजगारी पर UPA और NDA दोनों को घेरा
राहुल गांधी ने बेरोजगारी को सबसे गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि इस समस्या को UPA सरकार भी 10 साल में हल नहीं कर पाई और मोदी सरकार भी इसमें असफल रही. उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी दर लगातार बढ़ रही है. मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में नौकरियां नहीं आ रही हैं. यह एक राष्ट्रीय संकट है, जिसे किसी भी सरकार ने अब तक हल नहीं किया है.
‘मेक इन इंडिया’ की तारीफ लेकिन विफलता का आरोप
राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मेक इन इंडिया’ विचार अच्छा था, लेकिन इसे लागू करने में सरकार नाकाम रही. उन्होंने आंकड़ों के जरिए दिखाया कि 2014 में भारत की मैन्युफैक्चरिंग जीडीपी में हिस्सेदारी 15.3% थी, जो अब घटकर 12.6% रह गई है. पिछले 60 सालों में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की हिस्सेदारी इतनी कम कभी नहीं हुई. यह बताता है कि ‘मेक इन इंडिया’ क्यों फेल हो गया.
चुनावों में वोटर डेटा गड़बड़ी का आरोप
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग और भाजपा पर वोटर डेटा में हेरफेर करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बीच वोटर लिस्ट में हिमाचल प्रदेश जितने नए वोटर जोड़ दिए गए. दिलचस्प बात यह है कि नए वोटर्स उन्हीं विधानसभाओं में ज्यादा जोड़े गए, जहां भाजपा जीती है. यह गड़बड़ी कैसे हुई? उन्होंने इलेक्शन कमीशन से लोकसभा की वोटर लिस्ट इलेक्ट्रॉनिक फॉर्म में देने की मांग की.
चीनी घुसपैठ पर सरकार को घेरा
राहुल गांधी ने भारत-चीन सीमा विवाद पर कहा कि प्रधानमंत्री ने चीन द्वारा घुसपैठ से इनकार किया था, जबकि भारतीय सेना और रक्षा विशेषज्ञ इससे सहमत नहीं थे. हमारे चीफ ऑफ डिफेंस कह रहे हैं कि चीन ने घुसपैठ कर ली है. दूसरी तरफ प्रधानमंत्री कह रहे हैं कि कुछ नहीं हुआ. आखिर ये किसका दबाव है?
भाजपा पर पटेल-अंबेडकर के मूल्यों को नष्ट करने का आरोप
राहुल गांधी (Rahul Gandhi ) ने कहा कि भाजपा सरदार पटेल और डॉ. अंबेडकर का नाम तो लेती है, लेकिन उनके विचारों को नष्ट कर रही है. आपने बुद्ध के सामने सिर झुकाया, लेकिन उनके मूल्यों को ठुकरा दिया. आपने अहिंसा और प्रेम का रास्ता छोड़ा और नफरत और हिंसा को अपना लिया. इससे देश कमजोर होगा.
Rahul Gandhi ने बजट भाषण को बताया कहानी
राहुल गांधी ने बजट भाषण को घर की पुरानी लिस्ट जैसा बताते हुए कहा कि इसमें कोई नई बात नहीं थी. उन्होंने कहा कि मैं पूरे भाषण के दौरान बैठ भी नहीं पा रहा था. ऐसा लग रहा था जैसे कोई कहानी सुनाई जा रही हो. यह राष्ट्रपति का भाषण नहीं, बल्कि एक औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन था.
Rahul Gandhi के सवाल पर सरकार की प्रतिक्रिया
राहुल गांधी के इस बयान पर भाजपा सांसदों ने विरोध जताया. केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि राहुल गांधी हर बार संसद में वही बातें दोहराते हैं और उनकी आलोचना निराधार होती है. अब देखना होगा कि सरकार इस पर क्या जवाब देती है और राहुल गांधी के आरोपों पर क्या रुख अपनाया जाता है.