NCR से सुबह 300 kg विस्फोटक के साथ आरोपी गिरफ्तार शाम को राजधानी में बड़ा धमाका…दिल्ली ब्लास्ट का हरियाणा कनेक्शन !

Delhi Bomb Blast:राजधानी दिल्ली सोमवार शाम एक बार फिर दहशत में आ गई, जब लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास पार्किंग में खड़ी एक कार में भीषण धमाका हुआ। चांदनी चौक और लाल किले जैसे भीड़भाड़ और संवेदनशील इलाके में हुआ यह धमाका न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है, बल्कि इस बात की ओर भी इशारा करता है कि दिल्ली की सीमाओं के भीतर कुछ बड़ा खेल चल रहा हो सकता है।

कब हुआ धमाका

सोमवार शाम करीब 6:52 बजे हुई इस घटना में कार के साथ-साथ आसपास खड़ी तीन से चार गाड़ियां भी जलकर राख हो गईं। रात 8:30 बजे तक की जानकारी के अनुसार, कम से कम 10 लोगों की मौत और 20 से अधिक घायल होने की पुष्टि हो चुकी है। मृतकों में ज़्यादातर स्ट्रीट वेंडर और राहगीर शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसे पहले दिल्ली फायर डिपार्टमेंट को सूचना 7:16 बजे मिली, जिसके बाद कई फायर टेंडर मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने में जुट गए। फायर ब्रिगेड की टीमों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया, लेकिन तब तक कई वाहन पूरी तरह जल चुके थे।

हादसा या आतंकी… कई एंगल से हो रही मामले की जांच

दिल्ली हादसे को लेकर अब तक की प्रारंभिक जांच में दो संभावनाएं उभरकर आई हैं। पहला यह कहा जा रहा है कि CNG किट में तकनीकी खराबी के कारण धमाका हुआ होगा या दूसरे किसी सामान्य कारण से हादसा हुआ होगा तो यह भी शंका जताई जा रही कि यह किसी आतंकी साजिश के तहत किया गया ब्लास्ट है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, NSG, और बॉम्ब स्क्वॉड की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं और सबूत जुटा रही हैं। फिलहाल पुलिस ने इलाके को सील कर दिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

डॉक्टर के घर से 360 किलो विस्फोटक बरामद

राजधानी में हुए इस हादसे में चौंकाने वाला मोड़ यह है कि आज सोमवार सुबह हरियाणा के फरीदाबाद में एक डॉक्टर के घर से 360 किलो संदिग्ध अमोनियम नाइट्रेट, एक असॉल्ट राइफल और कई कारतूस बरामद किए गए। यह छापा जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीम ने डाला था। डॉक्टर की पहचान आदिल अहमद के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अनंतनाग (कश्मीर) का निवासी है। उसे 7 नवंबर को यूपी के सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में आदिल ने विस्फोटक सामग्री फरीदाबाद में रखने की बात कबूल की।

जानकारी के मुताबिक, आदिल पहले अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) में डॉक्टर था, लेकिन 2024 में इस्तीफा देने के बाद वह सहारनपुर में प्रैक्टिस करने लगा। उसकी निशानदेही पर ही पुलिस ने पुलवामा से एक अन्य डॉक्टर, मुजाहिल शकील, को गिरफ्तार किया।

क्या दोनों घटनाओं में कोई लिंक है?

अब बड़ा सवाल यही है कि क्या फरीदाबाद से मिले विस्फोटक और दिल्ली ब्लास्ट का कोई सीधा या अप्रत्यक्ष संबंध है? जांच एजेंसियां इस एंगल पर भी गंभीरता से काम कर रही हैं। फिलहाल दिल्ली पुलिस ने किसी आतंकी संगठन की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन NIA को भी इस केस की प्राथमिक जानकारी दी गई है। लाल किला और चांदनी चौक दिल्ली के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाकों में से हैं, जहां रोज़ाना हजारों पर्यटक और स्थानीय लोग आते हैं। ऐसे में इस तरह का धमाका यह दर्शाता है कि सुरक्षा तंत्र में कहीं न कहीं गंभीर चूक हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *