पैन कार्ड बनाने से लेकर उपयोग तक 1 अप्रैल से नियमों में बड़े बदलाव, जानिए आपके लिए क्या बदलेगा

PAN Card Rule : नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ ही PAN कार्ड से जुड़े कई अहम नियमों में बदलाव लागू होने जा रहे हैं. सरकार ने इन नियमों को और सख्त बनाते हुए वित्तीय लेनदेन में पारदर्शिता बढ़ाने पर जोर दिया है. इन बदलावों का असर पैन बनवाने से लेकर बैंकिंग, खरीदारी और निवेश तक देखने को मिलेगा. सरकार का कहना है कि इन नए नियमों का मकसद वित्तीय प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाना और टैक्स चोरी पर रोक लगाना है.अपने पैन कार्ड को अपडेट रखें और नए नियमों के अनुसार ही वित्तीय लेनदेन करें, ताकि किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके.

पैन बनवाने के नियम हुए सख्त

अब पैन कार्ड बनवाने के लिए सिर्फ आधार कार्ड पर्याप्त नहीं होगा. आवेदकों को आधार के साथ एक अतिरिक्त वैध दस्तावेज देना अनिवार्य होगा. इसमें जन्म प्रमाण पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस या अन्य आधिकारिक पहचान पत्र शामिल हो सकते हैं. यानी अब पहचान और पते के सत्यापन के लिए अधिक सख्ती बरती जाएगी.

बैंक ट्रांजैक्शन पर नई सीमा

पहले बैंक में 50,000 रुपये से अधिक कैश जमा करने पर पैन देना जरूरी होता था. अब इस नियम को बदलकर वार्षिक आधार पर लागू किया गया है. यदि कोई व्यक्ति एक वित्तीय वर्ष में 10 लाख रुपये या उससे अधिक नकद जमा करता है, तो पैन कार्ड देना अनिवार्य होगा. इस बदलाव का उद्देश्य छोटे-छोटे ट्रांजैक्शन में लिमिट से बचने की प्रवृत्ति को रोकना है.

वाहन खरीदने पर नया नियम

पहले हर वाहन खरीद पर पैन देना जरूरी था, लेकिन अब इसमें राहत दी गई है. 5 लाख रुपये से अधिक कीमत वाले वाहन खरीदने पर ही पैन कार्ड देना होगा. यह नियम टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर दोनों पर लागू होगा.

प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन में राहत

प्रॉपर्टी खरीदने वालों के लिए भी नियम बदला गया है. पहले 10 लाख रुपये की प्रॉपर्टी पर पैन जरूरी था अब यह सीमा बढ़ाकर 20 लाख रुपये कर दी गई है.

होटल और रेस्टोरेंट बिल पर बदलाव

कैश पेमेंट से जुड़े नियमों में भी ढील दी गई है. पहले 50,000 रुपये से अधिक के होटल या रेस्टोरेंट बिल पर पैन जरूरी था अब यह सीमा बढ़ाकर 1 लाख रुपये कर दी गई है.

बीमा प्रीमियम में बदलाव

बीमा प्रीमियम भुगतान पर भी पैन की अनिवार्यता की सीमा बढ़ाई गई है, जिससे छोटे निवेशकों को राहत मिलेगी.

2 लाख से अधिक के लेनदेन पर पैन अनिवार्य

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी ट्रांजैक्शन पर अलग से पैन की अनिवार्यता नहीं है, तब भी 2 लाख रुपये से अधिक के किसी भी लेनदेन पर पैन देना जरूरी होगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *