Anaya bangar vaginoplasty : पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय बांगर की बेटी अनाया बांगर ने जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी को लेकर अहम जानकारी साझा की है. Bombay Times को दिए एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में अनाया ने बताया कि वह मार्च महीने में वैजिनोप्लास्टी सर्जरी कराने वाली हैं. यह सर्जरी थाईलैंड में कराई जाएगी. इससे पहले वर्ष 2024 में उन्होंने हार्मोन रिप्लेसमेंट थेरेपी (HRT) भी ली थी. इंटरव्यू के बाद सोशल मीडिया पर वैजिनोप्लास्टी को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
वैजिनोप्लास्टी क्या है?
विशेषज्ञों के अनुसार, वैजिनोप्लास्टी एक सर्जिकल प्रक्रिया है, जिसमें ऑपरेशन के जरिए योनि (वजाइना) का निर्माण या पुनर्निर्माण किया जाता है. यह सर्जरी उन मामलों में की जाती है जहां जन्म से योनि का विकास पूरी तरह नहीं हुआ हो या किसी चिकित्सीय कारण से उसका पुनर्निर्माण आवश्यक हो. ट्रांसजेंडर महिलाओं में भी जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी के तहत वैजिनोप्लास्टी कराई जाती है.
किन्हें और क्यों पड़ती है जरूरत?
डॉक्टरों के मुताबिक कुछ ट्रांसजेंडर महिलाएं अपने जेंडर ट्रांजिशन के हिस्से के रूप में यह सर्जरी करवाती हैं, ताकि उनके शरीर का स्वरूप उनकी जेंडर पहचान के अनुरूप हो सके. इसके अलावा, कुछ महिलाओं में जन्मजात कारणों से योनि पूरी तरह विकसित नहीं होती, ऐसे मामलों में भी वैजिनोप्लास्टी की जाती है. कुछ कैंसर या अन्य चिकित्सीय स्थितियों के कारण योनि की संरचना प्रभावित होने पर भी यह सर्जरी जरूरी हो सकती है.
कैसे की जाती है सर्जरी?
यह सर्जरी आमतौर पर अनुभवी प्लास्टिक सर्जन द्वारा की जाती है और इसे जटिल व लंबी प्रक्रिया माना जाता है. ट्रांसजेंडर महिलाओं के मामलों में जननांग की त्वचा और ऊतकों का उपयोग कर नई योनि संरचना तैयार की जाती है. सर्जरी के बाद मरीज को कुछ दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ सकता है और रिकवरी में कई हफ्तों का समय लग सकता है. डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवाइयों और नियमित फॉलो-अप की जरूरत होती है.
कितना आता है खर्च?
विशेषज्ञों के अनुसार, वैजिनोप्लास्टी की लागत आमतौर पर 3 लाख से 10 लाख रुपये के बीच हो सकती है. खर्च सर्जन के अनुभव, अस्पताल की सुविधाओं, केस की जटिलता और सर्जरी के स्थान पर निर्भर करता है. यह एक बड़ी और संवेदनशील सर्जरी है, इसलिए इसे योग्य और अनुभवी विशेषज्ञ से ही कराने की सलाह दी जाती है.