ISRO ने रचा इतिहास…स्वदेशी से आत्मनिर्भर भारत की अंतरिक्ष उड़ान..!

Indian Space Research Organization: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने रविवार को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से देश के सबसे भारी संचार उपग्रह CMS-03 को सफलतापूर्वक लॉन्च किया। लगभग 4,400 किलोग्राम वजनी यह उपग्रह स्वदेशी LVM3-M5 रॉकेट से छोड़ा गया, जिसे ‘बाहुबली’ के नाम से भी जाना जाता है।

सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के दूसरे लॉन्च पैड से शाम 5:26 से उड़ान भरने वाला यह पूरी तरह से स्वदेशी तकनीक से निर्मित उपग्रह है। CMS-03 एक मल्टी-बैंड संचार उपग्रह है जो भारतीय भूमि और विस्तृत समुद्री क्षेत्रों में कम से कम 15 वर्षो तक सेवाएं प्रदान करेगा।

ISRO के प्रमुख वी.नारायणन ने बताया कि यह उपग्रह आने वाले वर्षो में देश की संचार क्षमता को मजबूत करेगा और “आत्मनिर्भर भारत” का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करेगा। यह भारतीय नौसेना के लिए एक गेम चेंजर साबित हो सकता हैं। उपग्रह में उन्नत एन्क्रिप्शन, व्यापक आवृत्ति कवरेज और उच्च क्षमता वाले ट्रांसपोंडर हैं, जो नौसेना के नेटवर्क-आधारित संचालन और समुद्री जागरूकता क्षमताओं को बेहतर और सुरक्षित बनाएंगे।

‘बाहुबली’ रॉकेट, जिसका निर्माण पूरी तरह से स्वदेशी तकनीक का उपयोग करके किया गया है, ने एक बार फिर अपनी विश्वसनीयता साबित की है। LVM3 ने पहले चंद्रयान-3 जैसे प्रतिष्ठित मिशनों को भी सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। इस सफल प्रक्षेपण ने भारी उपग्रहों को लॉन्च करने की भारत की क्षमता को और मजबूत किया है, जिससे देश एक प्रमुख अंतरिक्ष शक्ति के रूप में स्थापित हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *