पटना। राज्य के गोपालगंज जिले में पांच रुपये के कुरकुरे को लेकर हुए विवाद में दुखद परिणाम सामने आया है। पुलिस के अनुसार, कुरकुरे को लेकर हुए विवाद में एक किशोर ने अपने दोस्त की चाकू घोंपकर हत्या कर दी।
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार 4 अगस्त को अश्विनी कुमार सोनी उर्फ सावन कुमार की ऑफिसर कॉलोनी के पास चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई । पुलिस ने खुलासा किया है कि हत्या पांच रुपये के नाश्ते को लेकर हुए विवाद का नतीजा थी। घटना के सिलसिले में पुलिस ने मृतक के दोस्त कृतिमन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। गोपालगंज (सदर) के अनुमंडल पुलिस अधिकारी प्रांजल त्रिपाठी ने बताया कि सावन कुमार रविवार रात अपने दोस्त कृतिमन से मिलने गया था। कृतिमन ने सावन को पांच रुपये का कुरकुरे खरीदने के लिए 20 रुपये दिए थे। सावन ने रास्ते में ही कुरकुरे खा लिया। जब वह कृतिमन के घर पहुंचा तो विवाद हो गया।
घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद
अन्य दोस्तों ने बीच-बचाव कर इस विवाद को उसी समय सुलझा दिया। बाद में जब सावन घर जा रहा था, तो कृतिमान ने उसे ऑफिसर कॉलोनी इलाके में वापस बुलाया। सावन के आते ही कृतिमान ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे सावन की मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने घटना में इस्तेमाल चाकू और आरोपी द्वारा पहनी गई काली शर्ट जब्त कर ली है, जिस पर खून के धब्बे थे। घटना के बाद शर्ट को धोया गया था। पुलिस का दावा है कि आरोपी के खिलाफ उसके पास पर्याप्त सबूत हैं।