पटना। नवादा पुलिस ने रविवार को एक गिरोह का भंडाफोड़ किया और जिले से 11 साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधियों का एक समूह जिले से काम कर रहा था और इंडिया बुल्स प्राइवेट लिमिटेड की कंपनी ‘धनी फाइनेंस’ की आड़ में फर्जी लोन देकर लोगों को ठग रहा था। नवादा में साइबर सेल की डीएसपी प्रिया ज्योति ने बताया, धोखेबाजों ने मीशो वेबसाइट के जरिए मोबाइल नंबर और पते सहित व्यक्तिगत डेटा हासिल किया। वित्तीय धोखाधड़ी के कई पीड़ितों ने हमारे वेब पोर्टल प्रतिविंब पर शिकायत दर्ज कराई और इन धोखाधड़ी गतिविधियों में इस्तेमाल किए गए फोन नंबर दिए। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इन फोन नंबरों को उनके लोकेशन का पता लगाने के लिए निगरानी में रखा था।
11 साइबर अपराधी गिरफ्तार
प्रिया ज्योति ने बताया कि स्थान का पता लगाने के बाद छापेमारी के लिए एक टीम बनाई गई। शनिवार शाम को वारसलीगंज ब्लॉक स्थित एक पार्क में छापेमारी की गई। उन्होंने बताया कि उस स्थान पर करीब 15 लोग मौजूद थे। हालांकि, पुलिस टीम को आता देख संदिग्धों ने भागने का प्रयास किया। उन्होंने बताया, हमारी टीम ने पीछा करके उनमें से 11 को सफलतापूर्वक पकड़ लिया।
आरोपियों से 168 पेज का लीक डाटा बरामद
आरोपियों की पहचान गिरोह के सरगना राजा राम कुमार (25), अविनाश कुमार (30), पप्पू साव (46), भास्कर कुमार (25), संतोष कुमार (23), अजय कुमार (29), लखन कुमार (34), कृष्ण कुमार (20), धर्मेंद्र कुमार (19), सिद्धार्थ शंकर (32) और बिट्टू कुमार (23) के रूप में की। पुलिस टीम ने उनके कब्जे से 168 पेज का लीक हुआ डेटा, 34 मोबाइल फोन, 13 सिम कार्ड, 1 लैपटॉप और एक बाइक जब्त की। आरोपियों पर BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
(क्रेडिट : मीडिया इनपुट )