सुपौल। बिहार के जल संसाधन विभाग ने बाढ़ (Bihar Flood Alert) की गंभीर स्थिति को देखते हुए हाई अलर्ट जारी किया है। विभाग के प्रधान सचिव ने सुपौल जिला प्रशासन को विशेष निर्देश दिए हैं, जिसमें कोसी नदी क्षेत्र में संभावित आपातकालीन स्थिति के लिए तैयारी करने की आवश्यकता जताई गई है।
नेपाल में लगातार बारिश से बिहार में बाढ़ का खतरा
कोसी और गंडक नदियों के जल अधिग्रहण क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के कारण नेपाल में लगातार बढ़ते जल स्तर की वजह से कई जिलों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, सुपौल स्थित वीरपुर बैराज से 6 लाख 81 हजार क्यूसेक पानी डिस्चार्ज होने की संभावना है, जबकि वाल्मीकि नगर स्थित गंडक बैराज से भी इसी मात्रा में पानी छोड़े जाने की आशंका है।
Bihar Flood Alert: इन जिलों में बाढ़ का खतरा
जल संसाधन विभाग ने सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, मधुबनी, दरभंगा, खगड़िया, भागलपुर और कटिहार के डीएम और पुलिस अधिकारियों को संबंधित पत्र जारी किया है। पत्र में बताया गया है कि पिछले 24 घंटों में कोसी नदी बेसिन में अत्यधिक वर्षापात हुआ है, जिससे जल स्तर में अप्रत्याशित वृद्धि की संभावनाएं बढ़ गई हैं।
कोसी नदी में जल स्तर बढ़ने की संभावना
बाढ़ (Bihar Flood Alert) प्रबंधन सुधार सहायक केंद्र, अनिसाबाद, पटना द्वारा किए गए पूर्वानुमान के अनुसार, 28 सितंबर को दोपहर 12 बजे कोसी नदी में जल स्तर बढ़ने की संभावना है। इससे बाढ़ प्रबंधन संरचनाओं पर दबाव बढ़ने के साथ-साथ कटाव, सीपेज, और ओभर-टॉपिंग जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। जल संसाधन विभाग ने सभी संबंधित जिलों में आवश्यक एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी है, और तटबंध पर निवासियों को सूचना देने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही, बाढ़ आपदा के प्रबंधन के लिए जिला स्तर पर गठित दल की सक्रियता बनाए रखने की आवश्यकता है।