Bleeding after death : क्या किसी व्यक्ति के मर जाने के बाद भी उसके शरीर से खून बह सकता है? यह सवाल हाल ही में एक वायरल घटना के बाद चर्चा में आया। कई लोग इसे रहस्यमय या असामान्य मानते हैं, लेकिन डॉक्टरों और फॉरेंसिक विशेषज्ञों का कहना है कि मौत के बाद नाक या मुंह से खून निकलना पूरी तरह संभव है और यह कई कारणों से होता है। मेडिकल एक्सपर्ट्स के अनुसार, मृत्यु के बाद शरीर में कई प्रकार के भौतिक और रासायनिक बदलाव आते हैं, जो शरीर के अंदर तरल पदार्थ खासकर खून या लाड़ के बाहर निकलने का कारण बन सकता है।
मौत के बाद भी नॉर्मल है खून का बहना?
फॉरेंसिक विशेषज्ञ बताते हैं कि मृत्यु के बाद भी कुछ समय तक शरीर में गैसें बनती रहती हैं और आंतरिक अंगों में दबाव बदलता है। इससे बंद पड़े मार्गों, जैसे नाक या मुंह से, जमा हुआ तरल पदार्थ आसानी से बाहर आ सकता है। डॉक्टरों के अनुसार मौत के तुरंत बाद रक्त वाहिकाएं (blood vessels) फैल जाती हैं। फेफड़ों और पेट में दबाव बढ़ने से अंदर जमा तरल बाहर की ओर धकेला जाता है। मांसपेशियों के ढीले पड़ने से सांस नली और अन्य मार्ग खुल जाते हैं, जिससे खून जैसे तरल पदार्थ बाहर बहने लगते हैं। विशेषज्ञ इसे एक सामान्य पोस्ट-मॉर्टम प्रक्रिया बताते हैं और किसी भी तरह के जीवित होने का संकेत मानने से इनकार करते हैं। रिपोर्ट के अनुसार मौत के बाद खून बहने की मात्रा कई कारकों पर निर्भर करती है। अगर व्यक्ति को मृत्यु से पहले कोई गंभीर बीमारी या चोट थी, या उसे इलाज के दौरान कोई प्रक्रिया हुई थी, तो ब्लीडिंग की संभावना बढ़ जाती है।
किन स्थितियों में बह सकता है खून
ब्लीडिंग का मतलब यह नहीं कि व्यक्ति जीवित था. फॉरेंसिक डॉक्टरों ने यह भी स्पष्ट किया है कि मौत के बाद खून निकलना किसी भी तरह से इस बात का संकेत नहीं है कि व्यक्ति जिंदा था। इस तरह की ब्लीडिंग शरीर के प्राकृतिक विघटन (decomposition) का हिस्सा है। यह मौत के कारण को प्रभावित नहीं करती, बल्कि निधन के बाद होने वाली सामान्य आंतरिक गतिविधियों का परिणाम है।
- फेफड़ों की बीमारी
जैसे टीबी, न्यूमोनिया या फेफड़ों में सूजन जिनकी वजह से फेफड़ों में खून जमा हो सकता है।
- दिल का दौरा या कार्डियक अरेस्ट
अचानक हुई मौत के मामलों में अंदरूनी तरल पदार्थ हवा की नली में इकट्ठा हो सकता है।
- CPR (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन)
रीवाइव करने की प्रक्रिया के दौरान चेस्ट कम्प्रेशन से फेफड़ों में चोट लग सकती है, जिससे बाद में खून निकल सकता है।
- ब्लड थिनर दवाओं का सेवन
जो लोग खून पतला करने वाली दवाइयां लेते हैं, उनमें मृत्यु के बाद शरीर में खून जमा नहीं हो पाता, जिससे वह बाहर बह सकता है।
- सर्जरी या अंदरूनी चोट
मौत से पहले की गई किसी मेडिकल प्रक्रिया या चोट से अंदर हुए रक्तस्राव की निकासी शरीर के दबाव कम होने पर हो सकती है।
क्या सामान्य है खुन का बहना ?
विशेषज्ञ इसे असामान्य लेकिन सामान्य कहकर परिभाषित करते हैं। मतलब यह हर मृत शरीर में नहीं होता, लेकिन जब होता है तो इसका मेडिकल कारण होता है, न कि कोई रहस्य। मौत के बाद खून बहना फॉरेंसिक मामलों में काफी बार देखने को मिलता है, खासकर जब व्यक्ति गंभीर बीमारी, चोट या दवाओं के प्रभाव में था।