Bihar News : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लिया पितृपक्ष मेला की तैयारी का जायजा , नए पाथ वे का किया उद्घाटन

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को गया पहुंचे और आगामी पितृपक्ष मेला की तैयारियों का निरीक्षण किया। पितृपक्ष मेला, जो 17 सितंबर से शुरू होगा, विश्व प्रसिद्ध धार्मिक आयोजन है जहां देश-विदेश से लाखों हिंदू सनातन धर्मावलंबी अपने पूर्वजों के लिए पिंडदान और तर्पण जैसी धार्मिक क्रियाएँ करते हैं। इस वर्ष पितृपक्ष मेला में 15 से 20 लाख तीर्थयात्रियों की आने की संभावना है।

विष्णुपद मंदिर में की पूजा आराधना

गया एयरपोर्ट पर उतरने के बाद, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घुघरीटांड बायपास से विष्णुपद जोड़ने वाले पाथ वे का उद्घाटन किया। यह पाथ वे श्रद्धालुओं को विष्णुपद मंदिर क्षेत्र तक पहुंचने में सुविधा प्रदान करेगा और यातायात की समस्या को कम करेगा। पाथ वे का निर्माण 450 मीटर लंबा और 12 मीटर चौड़ा है, और यह एनएच 82 से विष्णुपद मंदिर तक जाने के लिए श्रद्धालुओं को दो किलोमीटर की पैदल दूरी को कम करेगा।

श्रद्धालुओं को मिलेगी जाम से राहत

पाथ वे के उद्घाटन से पितृपक्ष मेला के दौरान श्रद्धालुओं को जाम से राहत मिलेगी। नई सुविधा के जरिए श्रद्धालु बिना जाम में फंसे बाईपास से सीधा विष्णुपद मंदिर तक पहुंच सकेंगे। पाथ वे के निर्माण के साथ-साथ, भूमिगत जल निकासी के लिए ड्रेनेज सिस्टम भी विकसित किया गया है, जिससे मार्ग पर जलजमाव की समस्या हल हो जाएगी।

पितृपक्ष मेले के लिए होगा नए कॉरिडोर का निर्माण

मुख्यमंत्री ने पितृपक्ष मेला क्षेत्र का दौरा करने के बाद विष्णुपद मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की और गया समाहरणालय में अधिकारियों के साथ मेला की तैयारियों की समीक्षा की। नीतीश कुमार ने बताया कि नए पाथ वे के निर्माण के साथ-साथ, सीताकुंड से मां सीतापथ होते हुए गया जी डैम तक, और वहां से देवघाट होते हुए नवनिर्मित पहुंच पथ के माध्यम से घुघरीटांड बायपास तक एक संपूर्ण कॉरिडोर तैयार किया गया है। यह कॉरिडोर तीर्थयात्रियों को सुविधाजनक यात्रा प्रदान करेगा और पितृपक्ष मेला की व्यवस्था को सुचारू बनाएगा।

(क्रेडिट- मीडिया इनपुट )

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *